Oct 16, 2023, 20:34 IST

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह इन्वेस्टर्स समिट में निवेशकों की भागीदारी के लिए पहुंचे दुबई, प्रवासी भारतीयों ने किया स्वागत

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह इन्वेस्टर्स समिट में निवेशकों की भागीदारी के लिए पहुंचे दुबई, प्रवासी भारतीयों ने किया स्वागत

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में अधिक से अधिक निवेशकों की भागीदारी को लेकर लन्दन के बाद अब दुबई और आबूधाबी के भ्रमण पर हैं। सोमवार को धामी के दुबई एयरपोर्ट पहुंचने पर प्रवासी भारतीयों की ओर से स्वागत किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 'इन्वेस्ट इन उत्तराखंड' अभियान के तहत संयुक्त अरब अमीरात में उद्योगपतियों एवं प्रवासी भारतीयों से मिलेंगे। उत्तराखंड में निवेश की संभावनाओं पर आयोजित बैठकों में भी मुख्यमंत्री प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ योग, आध्यात्मिक की भी भूमि है। उत्तराखंड देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमें गर्व है कि हमारी जड़े उत्तराखंड से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने सभी प्रवासी उत्तराखंडियों का आह्वान करते हुए कहा कि वह साल में एक बार अपने प्रदेश उत्तराखंड ज़रूर आएं। इससे उनकी भावी पीढ़ी को भी अपनी मातृभूमि से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हमारे प्रवासी भाइयों ने अपनी प्रतिभा एवं मेहनत से स्वयं के साथ अपनी मातृभूमि का भी नाम रोशन किया है। यह हम सभी के लिये सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि अपने अप्रवासी भाई-बहनों और उत्तराखंड सरकार के बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने और उनके निवेश प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई करने के लिए मुख्यमंत्री कार्यालय में एक उत्तराखंड अप्रवासी सेल बनाया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अब तक 40 हजार करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू हस्ताक्षरित हो चुके हैं। हमारा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट दिसम्बर में 2.5 लाख करोड़ के निवेश का लक्ष्य है। बड़ी संख्या में उत्तराखंड के प्रति देश विदेश के उद्यमियों की ओर से की जा रही पहल से हम इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिये आशान्वित हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्व भर में भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है। आज विदेशों में भी एक भारत श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को मूर्त रूप दिया जा रहा है। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री डा.धन सिंह रावत भी मौजूद रहे।