Updated: Oct 19, 2023, 18:35 IST

कुछ लोग चुनाव में जीत के लिए तांत्रिक अनुष्ठानों का सहारा ले रहे हैं : CM शिवराज सिंह

कुछ लोग चुनाव में जीत के लिए तांत्रिक अनुष्ठानों का सहारा ले रहे हैं : CM शिवराज सिंह

संवाददाता सुमित कुमार

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि जहां एक ओर भारतीय जनता पार्टी के लोग जनता को अपने किए गए जनकल्याणकारी कार्यों के बारे में बता रहे हैं, वहीं कुछ लोग शमशान घाट पर ‘तांत्रिक क्रिया’ करा रहे हैं। सीएम शिवराज चौहान और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने आज यहां स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय से पार्टी के हाईटेक प्रचार रथों को रवाना किया। ये प्रचार रथ सभी 230 विधानसभाओं में जनता को प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देंगे। चौहान इसी अवसर पर अपना संबोधन दे रहे थे।

इस दौरान उन्होंने कहा कि हम जनता को अपने काम बता रहे हैं और कुछ लोग शमशान घाट पर तांत्रिक क्रियाएं कर रहे हैं। यह लोकतंत्र है, लोकतंत्र में साधना और उपासना अगर किसी की होती है तो जनता की होती है। लोकतंत्र, जनता के विश्वास को जीतने का माध्यम है। जनता की सेवा करो, प्रदेश का विकास करो, लोगों का कल्याण करो। भाजपा ने किया है, इसलिए जनता से वोट मांगने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पूजा भी अगर करनी है तो वो श्री महाकाल के दरबार में सात्विक तरीके से होनी चाहिए। ये देख कर तकलीफ और आश्चर्य होता है कि तांत्रिक क्रियाएं करा रहे है। शमशान घाट में पूजा करने से क्या भला होगा। इसका मतलब स्वयं के ऊपर भरोसा ही नहीं है। कांग्रेस ने जनता को लूटा और बर्बाद किया। साथ ही कल्याणकारी योजनाएं बंद करने का पाप भी किया। मध्यप्रदेश को तबाह और बर्बाद करने वाले अब शमशान घाटों में जाकर बैठ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आने वाले पांच साल में मध्यप्रदेश इतना आगे जाएगा कि प्रदेश की हर ओर चर्चा होगी। इसी संकल्प को लेकर वीडियो वैन प्रदेश भर में जा रही हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि वे जनता को सरकार की उपलब्धियां दिखाएं। मीडिया में आईं कुछ खबरों के अनुसार कमलनाथ को कथित तौर पर मुख्यमंत्री बनाने के लिए कुछ तांत्रिक उज्जैन में मध्यरात्रि में शमशान घाट में साधना कर रहे हैं। इससे जुड़ी कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिसमें कुछ तांत्रिक कमलनाथ की फोटो रख कर साधना करते दिख रहे हैं।