Aug 15, 2023, 20:35 IST

शिमला में भूस्खलन से स्लॉटर हाउस समेत कई घर गिरे, लोगों के फंसे होने की आशंका

शिमला में भूस्खलन से स्लॉटर हाउस समेत कई घर गिरे, लोगों के फंसे होने की आशंका

Shimla: हिमाचल की राजधानी शिमला में तबाही का मंजर थम नहीं रहा है। बारिश की वजह से जगह-जगह भूस्खलन से जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है। शहर के कृष्णा नगर से सटे लालपानी इलाके में मंगलवार शाम हुए भूस्खलन से करीब 5 मकान धराशायी हो गए।

इन मकानों का मलबा गिरने से स्लाटरहाउस भी ध्वस्त हुआ। स्लाटरहाउस का भवन गिरने से कई लोगों के दबने की आशंका है। विशालकाय पेड़ गिरने से कई मकान पल भर में जमीदोंज हो गए। इस घटना में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं कई गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है।

भूस्खलन की घटना के बाद पुलिस व प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। एसपी शिमला संजीव गांधी ने बताया कि स्लाटरहाउस की इमारत में कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका है। राहत व बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। शिमला शहर में दो दिन में भूस्खलन की यह तीसरी घटना है।

सोमवार को उपनगर समरहिल के शिव बावड़ी मंदिर के भूस्खलन की चपेट में आने से 12 लोग मारे गए, जबकि कई मलबे में लापता हैं। इसी तरह फागली इलाके में भूस्खलन की घटना में पांच लोगों की मौत हुई है। शहर में लगातार हो रही भूस्खलन की घटनाओं से लोग सहमे हुए हैं। पिछले 3 दिन शिमला में हुई भारी वर्षा से 100 से ज्यादा पेड़ों के धराशायी होने से कई मकानों और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।