Apr 5, 2025, 14:33 IST

Rajasthan News: नगर निगम जयपुर ग्रेटर ने राजस्व वसूली में रचा इतिहास एक ही दिन में मालवीय नगर जोन ने वसूले 21.45 करोड़ रुपये

Rajasthan News: नगर निगम जयपुर ग्रेटर ने राजस्व वसूली में रचा इतिहास एक ही दिन में मालवीय नगर जोन ने वसूले 21.45 करोड़ रुपये

Jaipur: मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में नगर निगम जयपुर ग्रेटर ने राजस्व वसूली में इतिहास रचा है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में नगर निगम ग्रेटर जयपुर ने नगरीय विकास कर और विज्ञापन शुल्क के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज करते हुए रिकॉर्ड 118.51 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रहण किया है। यह पिछले वर्ष 2023-24 के मुकाबले 35.75 करोड़ रुपये अधिक है, जो कि लगभग 43 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है।

नगर निगम आयुक्त रूक्मणी रियाड़ के नेतृत्व में राजस्व टीमों ने निजी फर्म के सहयोग से इस उपलब्धि को संभव बनाया। अकेले नगरीय विकास कर से ही इस वर्ष 104.02 करोड़ रुपये वसूल किए गए हैं, जबकि विज्ञापन शुल्क से 14.49 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

मालवीय नगर जोन का कमाल, एक दिन में ही 21.45 करोड़ की वसूली

जहाँ एक ओर सभी जोनों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया, वहीं मालवीय नगर जोन ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस जोन ने 31 मार्च 2025 को एक ही दिन में 21.45 करोड़ रुपये की नगरीय विकास कर की वसूली कर चौंकाया। यह राशि पिछले पूरे वित्तीय वर्ष में इसी जोन की वसूली (20.65 करोड़ रुपये) से भी अधिक है। कुल मिलाकर मालवीय नगर जोन ने 46.84 करोड़ रुपये की सर्वाधिक वसूली दर्ज की है।

मार्च माह में 56.78 करोड़ की रिकॉर्ड वसूली

मार्च 2025 में नगर निगम ग्रेटर की समस्त राजस्व टीमों और निजी फर्म के संयुक्त प्रयासों से नगरीय विकास कर की 56.78 करोड़ रुपये की वसूली की गई। यह निगम के इतिहास में मार्च महीने की सर्वाधिक वसूली है। इस राशि में 17.96 करोड़ रुपये की वसूली विभिन्न सरकारी उपक्रमों से की गई है।

मेगा कैंप्स में तेजी से निस्तारित की गईं आपत्तियाँ

नगर निगम ने मार्च में तीन दिवसीय मेगा कैंप आयोजित कर संपत्ति धारकों की आपत्तियों का त्वरित समाधान किया। इस दौरान नाम, पता, क्षेत्रफल, उपयोग एवं डी.एल.सी. दर से संबंधित आपत्तियों को राजस्व टीमों द्वारा तत्परता से निस्तारित कर संशोधित बिल जारी किए गए, जिससे नगरीय विकास कर की वसूली में उल्लेखनीय वृद्धि संभव हो सकी।

नगर निगम ग्रेटर की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से स्पष्ट है कि सुनियोजित प्रयास, तकनीकी सहयोग और पारदर्शिता के साथ राजस्व सुधार की दिशा में बड़े कदम उठाए जा सकते हैं। निगम की इस सफलता से न केवल शहर का आर्थिक आधार सुदृढ़ हुआ है, बल्कि अन्य नगरीय निकायों के लिए भी एक आदर्श प्रस्तुत हुआ है।

अन्य जोनों की भी शानदार उपलब्धि

नगर निगम ग्रेटर के अन्य जोनों ने भी इस वर्ष बेहतर प्रदर्शन किया:

• जगतपुरा जोन: 10.79 करोड़ रुपये

• झोटवाड़ा जोन: 13.75 करोड़ रुपये

• मानसरोवर जोन: 14.15 करोड़ रुपये

• मुरलीपुरा जोन: 11.87 करोड़ रुपये

• सांगानेर जोन: 9.16 करोड़ रुपये

• विद्याधर नगर जोन: 6.66 करोड़ रुपये

इन सभी जोनों की वसूली पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में अधिक रही है।