Sriganganagar: जिला कलक्टर डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के नेतृत्व में जारी नशा मुक्त श्रीगंगानगर अभियान के तहत एवं सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर राष्ट्रीय एवं जनसुरक्षार्थ श्रद्धांजलि स्वरुप ग्राम रामपुरा न्योला में शपथ नाटक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के श्री विक्रम ज्याणी ने कार्यशालाओं में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से कमजोर करता है बल्कि परिवार और समाज की बुनियाद को भी कमजोर करता है। युवाओं को अपनी ऊर्जा और क्षमता को सकारात्मक कार्यों में लगाकर एक उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ने की आवश्यकता है। नशा छोड़ने का सबसे पहला कदम है, इसके दुष्प्रभावों को समझना और दृढ़ निश्चय करना। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य नशे के खिलाफ समाज को जागरूक करना और युवाओं को इस बुराई से बचाना है। साथ ही उन्होंने विभिन्न उदाहरण देकर बताया कि किस प्रकार नशे से मुक्त होकर लोग अपने जीवन में बदलाव ला सकते हैं।
कार्यक्रम के अंत में श्री विक्रम ज्याणी ने उपस्थित युवाओं से यह शपथ दिलवाई कि वे अपने जीवन में कभी नशे को स्थान नहीं देंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे। नशे के खिलाफ 19 सितंबर शाम 7 बजे नाटक कार्यक्रम में अपना योगदान दे और नशा मुक्त समाज कि जिम्मेदारी ले। नाटक कार्यक्रम में कलाकार अपनी विशेष प्रस्तुतियों के माध्यम से समाज में नशे की भयावहता और नशा मुक्ति का सशक्त संदेश देंगे।

