Jan 25, 2024, 18:22 IST

Rajasthan: पूर्व उपमुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा का निधन, सीएम भजन लाल शर्मा और राज्यपाल मिश्र ने जताया शोक

Rajasthan: पूर्व उपमुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा का निधन, सीएम भजन लाल शर्मा और राज्यपाल मिश्र ने जताया शोक

Harishankar Bhabhada passes away: राजस्थान विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व पूर्व उपमुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा का यहां निधन हो गया। वह कई दिनों से बीमार थे। राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व कई नेताओं ने उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा का जन्म 1928 में डीडवाना (नागौर) में हुआ था। वह राज्य के उपमुख्यमंत्री व दो बार विधानसभा अध्यक्ष रहे। पूर्व उपमुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा कई दिनों से बीमार थे। राज्यपाल मिश्र ने भाभड़ा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा, ''हरिशंकर भाभड़ा राष्ट्रीयता के विचारों से ओतप्रोत संसदीय परंपराओं में गहरी आस्था रखने वाले राजनीतिज्ञ थे। वह आम जन के प्रति जवाबदेही शासन व्यवस्था और राजनीति में शुचिता के प्रबल पक्षधर थे। उनका निधन अपूरणीय क्षति है।''

राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने पूर्व उपमुख्यमंत्री हरिशंकर भाभड़ा के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि वे कुशल जन प्रतिनिधि थे। उन्होंने राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भागीदारी निभाई। मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) परिवार के वरिष्ठ सदस्य, राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हरिशंकर जी भाभड़ा का निधन प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा, ''वह सार्वजनिक जीवन में शुचिता, पारदर्शिता एवं स्पष्टवादिता की प्रतिमूर्ति थे।'' भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी सहित कई अन्य नेताओं ने भी भाभड़ा के निधन पर शोक जताया है।