May 7, 2023, 16:12 IST

MP News: BJP में जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता, मैंने तो गिरफ्तारी तक दी थी: लाखन सिंह

MP News: BJP में जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता, मैंने तो गिरफ्तारी तक दी थी: लाखन सिंह

MP Politics News: कांग्रेस के भितरवार से विधायक पूर्व मंत्री लाखन सिंह यादव के मुख्यमंत्री आवास जाने पर शुरू हुई दलबदल की अटकलों पर उन्होंने विराम लगा दिया।

यादव ने कहा कि मेरे भाजपा में जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। मैं मुख्यमंत्री आवास हमारे समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष साधना सिंह चौहान से मिलने गया था, क्योंकि भोपाल में सामूहिक विवाह का बड़ा कार्यक्रम होना है। इसकी तैयारियों के संदर्भ में चर्चा करनी थी।

पूर्व मुख्यमंत्री स्व.कैलाश जोशी के पुत्र दीपक जोशी और सेवढ़ा से पूर्व विधायक राधेलाल बघेल के कांग्रेस में शामिल होने के बाद यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि कांग्रेस के कुछ नेता भी जल्द ही भाजपा में शामिल होंगे। इसी बीच पूर्व मंत्री और भितरवार से विधायक लाखन सिंह यादव के मुख्यमंत्री आवास पहुंचने की खबर आई, जिससे सियासी गलियारों में कयास लगा जाने लगे।

विधायक लाखन सिंह कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की पत्नी साधना सिंह चौहान हमारे समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। सामूहिक विवाह कार्यक्रम को लेकर चर्चा करने गया था। भाजपा में जाने का सवाल ही पैदा नहीं होता है। भाजपा ने जब हमारे दल में तोड़फोड़ की थी, तब मुझसे भी संपर्क किया था। कई प्रलोभन दिए गए थे। यदि जाना होता तो तब ही चला जाता, पर मैं तो उस समय अपने पुराने साथियों को समझाने के काम में लगा था। मेरी और जीतू पटवारी की तो गिरफ्तारी तक हुई थी। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के साथ भी हम बंगलुरू गए थे।