Mar 30, 2023, 12:35 IST

MP News: पीएम नरेन्द्र मोदी ने नामीबिया से लाए गए चीते के 4 शावकों को जन्म देने पर जताई खुशी, बताया 'अद्भुत खबर'

MP News: पीएम नरेन्द्र मोदी ने नामीबिया से लाए गए चीते के 4 शावकों को जन्म देने पर जताई खुशी, बताया 'अद्भुत खबर'

New Delhi: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नामीबिया से भारत लायी गई मादा चीता द्वारा चार शावकों को जन्म देने के समाचार पर हर्ष व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव के ट्वीट को रिट्वीट कर कहा कि यह 'अद्भूत समाचार' है।

उल्लेखनीय है कि भारत में प्रोजेक्ट चीता के तहत विदेश से लाई गई एक मादा चीता ने 4 शावकों को जन्म दिया है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने बुधवार को इसकी जानकारी दी। साथ ही उन्होंने इसके लिए प्रोजेक्ट चीता की पूरी टीम को भी बधाई दी है।

यह समाचार इसलिए भी इतनी महत्वपूर्ण है क्योंकि 70 साल बाद देश में चीते लाए गए और चार शावकों का जन्म भी हुआ है। नन्हें चीतों के आगमन के लिए कुनो नेशनल पार्क ने भी खास तैयारियां की हैं। केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने एक बयान में कहा कि देश में वन्य जीव संरक्षण एवं संवर्धन में चीते के चार शावकों के जन्म की घटना काफी महत्वपूर्ण है। इन शावकों का जन्म भारत के वन्य जीव संरक्षण के दृष्टिकोण से ऐतिहासिक है। यह भारत के लिए वन्य जीव संरक्षण के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

केन्द्रीय राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई देते हुए कहा कि यह दशकों पहले जैव विविधता की जो सदियों पुरानी कड़ी टूट कर विलुप्त हो गई थी, उसे स्थापित करने में मददगार सबित होगी। उल्लेखनीय है कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर नामीबिया से 8 चीतों को श्योपुर के कूनो नेशनल पार्क में छोड़ा गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं उन्हें बाड़े में छोड़ा था।