Mar 21, 2024, 20:17 IST

MP News: राजगढ़ से दिग्विजय सिंह और गुना से अरुण यादव लड़ेंगे चुनाव

MP Congress Candidates List: राजगढ़ से दिग्विजय सिंह और गुना से अरुण यादव लड़ेंगे चुनाव

MP Congress Candidates List: कांग्रेस पार्टी एक बार फिर से कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को चुनावी मैदान में उतार सकती है। कांग्रेस उन्हें उनकी परंपरागत लोकसभा सीट राजगढ़ से टिकट दे सकती है।

दिग्विजय सिंह ने पिछली बार भोपाल लोकसभा सीट से किस्मत आजामया था, लेकिन भाजपा की साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर से उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था।

वहीं गुना लोकसभा सीट से इस बार कांग्रेस अरुण यादव को चुनाव लड़वा सकती है। यहां पर वह केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को चुनौती दे सकते हैं, जो अपनी परंपरागत सीट से ही इस बार भी भाग्य आजमा रहे हैं।

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश की राघोगढ़ विधानसभा से कई बार चुनाव जीत चुके हैं और लंबे समय तक एमपी के मुख्यमंत्री भी रह चुके हैं। लेकिन, उससे पहले वे राजगढ़ लोकसभा सीट का ही प्रतिनिधित्व करते थे। बाद में उन्होंने राज्यसभा का रुख कर लेने में भलाई समझी.

दिग्विजय 1984 से लेकर 1994 तक लगातार राजगढ़ लोकसभा सीट से चुनाव जीतते रहे हैं। इसलिए, कांग्रेस पार्टी ने उन्हें उन्हीं की परंपरागत सीट से इस बार आजमाने का मन बनाया है। हालांकि, वे खुद इस बार चुनाव लड़ने से कन्नी काटते नजर आ रहे थे।

जहां तक अरुण यादव की बात है तो दिग्विजय और कमलनाथ के बाद वे भी मध्य प्रदेश के एक कद्दावर कांग्रेसी नेता हैं। वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी रह चुके हैं और यूपीए सरकार के कार्यकाल में केंद्र में भी मंत्री रहे हैं।

कुछ समय पहले अरुण यादव ने गुना शिवपुरी लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट की उम्मीद की थी, जहां वे कांग्रेस के पूर्व दिग्गज और अभी राज्यसभा सांसद सिंधिया को टक्कर दे सकते हैं।

2019 में कांग्रेस के टिकट पर सिंधिया अपने ही एक करीबी भाजपाई उम्मीदवार केपी यादव से चुनाव हार गए थे। ऐसे में गुना सीट में अगर अरुण यादव के नाम पर कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति फाइनल मुहर लगाती है तो यहां मुकाबला दिलचस्प हो सकता है।