Jul 24, 2025, 22:31 ISTMadhya Pradesh

MP News: राजस्व के न्यायालयीन और गैर-न्यायालयीन कार्य प्रणाली का प्रमुख सचिव ने जबलपुर में लिया जायजा

MP News: राजस्व के न्यायालयीन और गैर-न्यायालयीन कार्य प्रणाली का प्रमुख सचिव ने जबलपुर में लिया जायजा

संवाददाता- सुमित कुमार

Jabalpur: प्रमुख सचिव राजस्व श्री विवेक पोरवाल ने गुरुवार को जबलपुर जिले के गोरखपुर तहसील कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने नये सेटअप में जिले में राजस्व न्यायालयीन एवं गैर न्यायालयीन कार्यों के लिये नियुक्त अलग-अलग राजस्व अधिकारियों की कार्य प्रणाली को देखा। जिले के सभी राजस्व न्यायालयों में पूर्णकालिक न्यायिक कार्य करना प्रारंभ हो गया है इसमें अब पीठासीन अधिकारी राजस्व न्यायालयों में कार्य दिवसों में प्रतिदिन सुबह 10 से शाम 6 बजे तक न्यायिक कार्य कर रहे हैं।

श्री पोरवाल ने कहा कि नवीन व्यवस्था निश्चित रूप से ऐतिहासिक है, जिससे प्रकरणों के निराकरण में सकारात्मक परिणाम सामने आयेंगे और प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण होगा। इससे पहले राजस्व अधिकारियों को बहुत से प्रशासनिक कार्यों के कारण कोर्ट में बैठने के लिए पर्याप्त समय नहीं मिल पाता था, अब नई व्यवस्था के तहत न्यायालयों में पूर्णकालिक राजस्व मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर दी गई है।

प्रमुख सचिव श्री पोरवाल ने निरीक्षण के दौरान तहसीलदार कोर्ट, अतिरिक्त तहसीलदार कोर्ट की कार्यप्रणाली को देखा। राजस्व अधिकारियों और अधिवक्ताओं के साथ नए सेटअप के संबंध में चर्चा कर इसे और बेहतर बनाने के सुझाव भी लिए। इस दौरान कलेक्टर जबलपुर श्री दीपक सक्सेना भी मौजूद थे।