Aug 16, 2023, 21:27 IST

MP News: मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने की साइक्लिस्ट आशा मालवीय के बुलंद हौसले की तारीफ

MP News: मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने की साइक्लिस्ट आशा मालवीय के बुलंद हौसले की तारीफ

संवाददाता सुमित कुमार 

Bhopal: महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण की अलख जगाने के लिए साइकिल यात्रा पर निकली राजगढ़ जिले की साइकिल यात्री आशा मालवीय ने बुधवार को नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आशा को सम्मानित कर बधाई दी और मध्यप्रदेश की बेटी के बुलंद हौसले, साहस और यात्रा के उद्देश्य की मुक्त कंठ से सराहना की।

मप्र के राजगढ़ जिले की साइकिल यात्री आशा मालवीय ने महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण की अलख जगाने के साथ जागरूकता के उद्देश्य से मध्यप्रदेश स्थापना दिवस-एक नवम्बर 2022 को एकल महिला साइकिल यात्रा भोपाल से प्रारंभ की थी। यात्रा मंगलवार को स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2023) के मौके पर दिल्ली में संपन्न हुई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस उपलब्धि के लिए आशा मालवीय को अंग-वस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया और उन्हें बधाई दी।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आशा के बुलंद हौसले, साहस और यात्रा के उद्देश्य की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि हमारी बेटियां हमारा गौरव हैं। आशा मालवीय को एक नवम्बर, 2022 से प्रारम्भ हुई महिला सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए जागरूकता यात्रा के दिल्ली में पूर्ण होने पर हार्दिक बधाई देता हूं। बेटी आशा, आप इसी तरह अपने जीवन के सभी संकल्पों को पूर्ण कर समाज और राष्ट्र के उत्थान में योगदान देती रहो, मेरी शुभकामनाएं और आशीर्वाद सदैव आपके साथ है।

जनसम्पर्क अधिकारी जकिया रूही ने बताया कि आशा ने साइकिल से यात्रा कर 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 25 हजार किलोमीटर की दूरी तय की। यात्रा के दौरान उन्होंने राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राज्यपालों, अधिकारियों, पांच लाख स्कूली छात्रों से भेंट की। उन्होंने मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा प्रदत्त अत्याधुनिक जीपीएस युक्त रोम-2 हाइब्रिड साइकिल से यात्रा पूरी की है।

साइक्लिस्ट आशा की यात्रा गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम, अरुणाचल प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर (सेनापति बॉर्डर), मिजोरम, त्रिपुरा, मेघालय, बिहार, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, जम्मू कश्मीर, लद्दाख (कारगिल बॉर्डर) और राजस्थान से होते हुए दिल्ली में संपन्न हुई।