Sep 4, 2023, 19:53 IST

MP News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनआशीर्वाद यात्रा का किया शुभारंभ, शिवराज को बताया राजनीति का धोनी

MP News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनआशीर्वाद यात्रा का किया शुभारंभ, शिवराज को बताया राजनीति का धोनी

संवाददाता सुमित कुमार

 Neemuch: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास पर नीमच पहुंचे और यहां भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज को राजनीति का धोनी बताया।

रक्षा मंत्री सिंह ने कहा कि राजनीति के धोनी शिवराज सिंह चौहान हैं, शुरुआत कैसी भी हों, लेकिन अच्छा फिनिश देकर वे मैदान जीतना जानते हैं। शिवराज ने लोगों की सेवा की है, इसलिए उन्हें जनता का विश्वास प्राप्त होता है। ऐसी मान्यता है कि मालवा खुशहाल होता है तो पूरा प्रदेश खुशहाल होता है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेसी समझ गए है कि अकेले भाजपा को हरा नहीं सकते इसलिए उन्होंने कई पार्टियों को मिलकर एक कुनबा बना लिया है और उसका नाम रख दिया इंडिया।

राजनाथ सिंह ने कहा कि आज भारत चांद पर पहुंच गया है, मंगल ग्रह की यात्रा कर रहा है, हम सूर्य के नजदीक पहुंच रहे हैं। आज सारे विश्व में इसकी सराहना हो रही है, लेकिन कांग्रेस का 'राहुल यान' 20 सालों से आज तक लॉन्च ही नहीं हो पाया। ये लोग सनातन को समाप्त करने की बात कर रहे हैं। हमारे यहां सर्प को भी दूध पिलाकर उसके त्रिजीवी होने की कामना करते हैं। सनातन में धर्म-जाति के नाम पर कोई भेदभाव नहीं है, लेकिन कांग्रेस के एक घटक के नेता ने सनातन के खिलाफ जो टिप्पणी की है क्या कांग्रेस को ऐसे घटक से अलग नहीं हो जाना चाहिए।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस हर चुनाव में गरीबी हटाओ का नारा देती रही, लेकिन गरीब गरीब रहता चला गया। नीति आयोग की रिपोर्ट में कहा गया है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है, इसमें मध्य प्रदेश का भी बहुत बड़ा योगदान है। 2003 से पहले मध्य प्रदेश की जीडीपी 71 हजार 594 करोड़ थी, जो आज 13 लाख 82 हजार करोड़ हो गई है। देश की अर्थव्यवस्था में मध्य प्रदेश का योगदान लगभग 3 प्रतिशत था, जो आज बढ़कर 4.8 प्रतिशत हुआ है। भारत पहले दुनिया की अर्थव्यवस्था के आकार में 10 नंबर पर था, वो भारत आज 5वें स्थान पर आ गया है, मोदी जी के नेतृत्व में ये करिश्मा हुआ है।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस की मति मारी गई है। उन्होंने एक संगठन बनाया है। कहीं का ईंट कहीं का रोड़ा, भानुमति ने कुनबा जोड़ा। एकत्रित हो गए मुंबई में उनके घटक दल कह रहे हैं सनातन धर्म मच्छर, डेंगू, मलेरिया, कोराना है। इसे खत्म कर देना चाहिए। के. वेणुगोपाल कहते हैं, अभिव्यक्ति की आजादी ये हिंदुत्व का अपमान कर रहे हैं। हमारी संस्कृति का अपमान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दुनिया में कई लोग आए मैडम सोनिया, न तो वे सनातन को खत्म कर पाए और न ही हिंदुत्व को। सनातन का अपमान करने वाले जरूर समाप्त हो जाएंगे। ऐसे गठबंधन देश का भला नहीं कर सकते हैं।