Oct 25, 2024, 21:11 ISTChhattisgarh

CG News: राष्ट्रपति मुर्मु ने महतारी वंदन योजना की 9वीं किश्त जारी की

CG News: राष्ट्रपति मुर्मु ने महतारी वंदन योजना की 9वीं किश्त जारी की

संवाददाता- आर्यन चौधरी

Raipur: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के पुरखौती मुक्तांगन में आयोजित कार्यक्रम में सरकार की महतारी वंदन योजना की 9वीं किश्त जारी की।

इस योजना के तहत दीवाली से पहले राज्य की 69 लाख 68 हजार लाभार्थी महिलाओं के बैंक खाते में एक-एक हजार के मान से कुल 651 करोड़ 37 लाख की राशि ऑनलाइन अंतरित की गई। योजना के तहत अब तक राज्य की महिलाओं को कुल 5878 करोड़ 37 लाख की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है।

इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, केन्द्रीय आवास एवं शहरी विकास राज्य मंत्री तोखन साहू, कृषि मंत्री राम विचार नेताम, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, लोकसभा क्षेत्र रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक खुशवंत साहेब एवं रोहित साहू उपस्थित थे।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने इस मौके पर महतारी वंदन योजना के हितग्राही ममता कश्यप और सत्यवती ध्रुव से इस योजना के लाभ के बारे में चर्चा की। महतारी वंदन योजना के राशि वितरण के इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए राज्य के विभिन्न जिलों से पारंपरिक वेशभूषा में लगभग 120 महिलाएं आयी थीं।

राष्ट्रपति से बातचीत के दौरान ममता कश्यप और सत्यवती धु्रव ने बताया कि महतारी वंदन योजना से मिली राशि से वो अपने बच्चों को लिए राशन खरीदने के साथ ही उनकी जरूरत का अन्य सामान खरीदने के लिए उपयोग करती है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उन्हें शासन की ओर से मिलने वाली मदद का लाभ उठाकर अपने बच्चों को खूब पढ़ाने-लिखाने और उन्हें अफसर बनाने की बात कही। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि जब बच्चे पढ़ेंगे, तभी परिवार और समाज आगे बढ़ेगा।