संवाददाता- आर्यन चौधरी
Raipur: छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा को सभी 10 नगर निगमों में शानदार जीत मिली है। जीत के बाद दुर्ग और धमतरी के नवनिर्वाचित मेयर और पार्षद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात करने पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई दी और अपनी जिम्मेदारी सही से निभाने के लिए कहा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी महापौर और पार्षदों से कहा कि, उनका पहला काम वार्डों का पूरा विकास होना चाहिए। उन्हें जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने होंगे ताकि हर नागरिक को बुनियादी सुविधाएं आसानी से मिल सकें। इसके साथ ही, पार्षदों को अपने वार्ड के लोगों से संपर्क बनाए रखना होगा और उनकी समस्याओं का जल्द समाधान करना होगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भाजपा को नगरीय निकाय चुनाव में ऐतिहासिक जीत मिली है, जो जनता के विश्वास को दर्शाता है। यह जीत पार्टी के नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत का नतीजा है। अब हमें जनता की उम्मीदों पर खरा उतरना है और अटल विश्वास पत्र में किए गए वादों को पूरा करना है। महापौर और पार्षदों की भूमिका इस काम में बहुत महत्वपूर्ण होगी, क्योंकि वे सीधे जनता से जुड़े होते हैं।
विष्णु देव साय ने कहा कि, नगरीय निकायों के सभी महापौर और पार्षदों को अपने इलाके में स्वच्छता, बिजली, पानी और अन्य जरूरी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्हें जनता से लगातार संपर्क में रहकर उनकी समस्याओं का जल्दी समाधान करना होगा। इसके लिए अपने इलाके में घूमकर समस्याओं को समझने से प्रशासन में सुधार होगा और विकास में तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री ने दुर्ग और धमतरी के नवनिर्वाचित महापौर और पार्षदों से अपने निवास पर मुलाकात की। उन्होंने उन्हें जीत की बधाई दी और उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के विकास की जिम्मेदारी अब सभी चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर है, और उन्हें पूरी मेहनत और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी।