Patna: प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के लिए अपनी दूसरी सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने उन सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है जिन पर पहले सूची में घोषणा नहीं हुई थी। इस सूची के बाद जनसुराज पार्टी की चुनावी तैयारियां और भी तेज हो गई हैं। जनसुराज पार्टी की दूसरी सूची में 65 उम्मीदवारों को शामिल किया गया है। पार्टी का कहना है कि इस बार 2025 में होने वाले विधानसभा चुनाव में सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर मजबूत उम्मीदवार उतारना है। आज जारी हुई लिस्ट से स्पष्ट है कि जनसुराज पार्टी ने ग्रामीण और अर्ध‑शहरी विधानसभा क्षेत्रों पर विशेष फोकस किया है।
इसके साथ ही 65 कैंडिडेट्स की लिस्ट में 2 10वीं पास, 3 12वीं पास, 7 वकील, 6 डॉक्टर और 2 इंजीनियर भी शामिल हैं। प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी ने समस्तीपुर की मोरवा विधानसभा सीट से कर्पूरी ठाकुर की पोती जागृति ठाकुर को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, नालंदा की अस्थावां सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह की बेटी लता सिंह को मैदान में उतारा है। जनसुराज ने गोपालगंज से प्रीतिक किन्नर को टिकट दिया है।
प्रशांत किशोर की जनसुराज पार्टी की दूसरी लिस्ट में 20 रिजर्व सीट हैं, जबकि 45 जनरल सीटें हैं। लिस्ट में SC-19, ST-1 और 14 मुस्लिम कैंडिडेट्स को उतारा गया है। 45 सामान्य सीटों में 34 मुस्लिम, EBC और OBC को उतारा गया है। इनमें सवर्णों को 11 सीटें दी गई हैं। 14 अति पिछड़ों को भी टिकट मिला है। 10 ओबीसी और 14 अल्पसंख्यक यानी मुस्लिमों को टिकट मिला।
— Jan Suraaj (@jansuraajonline) October 13, 2025
इनमें सबसे बड़ा नाम अभयकांत झा का है, जिसे जनसुराज पार्टी ने टिकट दिया है। 74 साल के अभयकांत झा ने भागलपुर दंगे में मुस्लिमों के पक्ष में केस लड़ा था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रशांत किशोर ने उनका परिचय कराते हुए उनका स्वागत किया है। प्रशांत किशोर ने कहा कि समाज के हर वर्ग से अच्छे लोगों को चुनकर ही पार्टी 243 कैंडिडेट की लिस्ट तैयार कर रही है।
पहली लिस्ट में राज्य की 38 में से 26 जिलों को कवर किया गया है। यानी 51 कैंडिडेट के सहारे 70% राज्य को कवर करने का प्रयास किया गया है। इसमें उन्होंने हर समीकरण को साधने का प्रयास किया है। जनसुराज की पहली लिस्ट में 51 में से 49 कैंडिडेट पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। यानी प्रशांत किशोर ने पहली लिस्ट में 96% नए चेहरों को मौका दिया है।

