Jul 2, 2025, 16:51 ISTBihar

Bihar News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार भाजपा कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, कांग्रेस- RJD पार्टियों पर बरसे राजनाथ सिंह

Bihar News: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहार भाजपा कार्यकर्ताओं को किया संबोधित, कांग्रेस- RJD पार्टियों पर बरसे राजनाथ सिंह 

Patna: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को बिहार प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए जीत का मंत्र दिया. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि बिहार को उसका खोया हुआ गौरव केवल भाजपा ही लौटा सकती है. पटना की पावन धरती पर आयोजित इस बैठक में राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 साल के कार्यकाल की उपलब्धियों को बताने के लिए कहा.

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि यह बैठक कोई साधारण बैठक नहीं है, बल्कि बिहार और भारत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की संकल्प सभा है. ‘हर बूथ, हर मोहल्ले, हर पंचायत में जाकर मोदी जी के नेतृत्व की बात करें. लेकिन यह केवल भाषण नहीं, बल्कि विश्वास का संवाद होना चाहिए. हमें बिहार के हर व्यक्ति के दिल में यह विश्वास जगाना है कि केवल भाजपा ही बिहार को उसका गौरव वापस दिला सकती है.


 

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ ने कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल पर निशाना साधते हुए कहा कि इन पार्टियों का एकमात्र मकसद सत्ता में बने रहना है. वहीं भाजपा का लक्ष्य हर नागरिक के लिए गरिमामय जीवन सुनिश्चित करना है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता को समझाएं कि भाजपा केवल सरकार नहीं चलाती, बल्कि समाज का निर्माण भी करती है.

केंद्रीय रक्षा मंत्री ने पटना को विचार, ज्ञान और जनक्रांति की भूमि बताया. उन्होंने कहा कि ‘यह वही पाटलिपुत्र है, जहां चाणक्य ने राजनीति के सिद्धांत रचे, आर्यभट्ट ने गणित और खगोल में भारत को विश्व गुरु बनाया और सम्राट अशोक ने शांति का संदेश दुनिया तक पहुंचाया.’ इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को बिहार के गौरवशाली अतीत से प्रेरणा लेकर भविष्य के निर्माण में जुटने का आह्वान किया.

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे ‘मोदी मिशन’ के वाहक बनें और मोदी सरकार की उपलब्धियों को हर घर तक पहुंचाएं. उन्होंने कहा कि ‘मोदी जी के नेतृत्व में भारत विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है. बिहार भी तब तेजी से प्रगति करेगा, जब केंद्र और राज्य में एनडीए की विचारधारा और कार्यशैली होगी.

यह बैठक आगामी बिहार विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर आयोजित की गई थी. केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह समय संगठन को नई दिशा देने और कार्यकर्ताओं के संकल्प को जन आंदोलन में बदलने का है. 

केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कांग्रेस और RJD जैसी पार्टियों का केवल एक ही उद्देश्य होता हैं, सत्ता में बने रहना, जबकि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य है कि भारत के हर नागरिक का गरिमामय जीवन सुनिश्चित होना चाहिए. ऐसी नीतियां बनाना जिसमें हर वर्ग का विकास हो, सभी को आत्मसम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार हो, यह भी हमारी सरकार ने किया है. भारत की अर्थव्यवस्था विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बने इसके लिए हम सभी प्रयत्नशील हैं.