Jan 5, 2023, 18:37 IST

Shimla News: कैबिनेट विस्तार पर हलचल तेज, 7 को नए मंत्रियों की शपथ:CM सुक्खू

CM सुक्खू

धर्मशाला। हिमाचल सरकार में मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अचानक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू गुरुवार को अचानक दिल्ली के लिए रवाना हो गए। वह सुबह धर्मशाला वापस लौट आएंगे और शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन में राज्यपाल अभिभाषण की चर्चा का जवाब देंगे। उनके दिल्ली जाते ही कैबिनेट विस्तार को लेकर हलचल शुरू हो गई है। एक तो राज्य सरकार ने गुरुवार को दो हेलिकॉप्टरों का प्रबंध किया।

एक हेलीकॉप्टर में अभिभाषण के लिए धर्मशाला विधानसभा में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को शिमला वापस भेजा। राज्यपाल ने भी अपने गोवा प्रवास को 1 दिन के लिए स्थगित कर दिया है। वह 7 जनवरी को गोवा जाना चाहते थे, क्योंकि 9 जनवरी को उनका पूर्व निर्धारित कार्यक्रम है, लेकिन अब 8 जनवरी को जाएंगे। दूसरा हेलीकॉप्टर मुख्यमंत्री को लेकर दिल्ली के लिए उड़ा, जो कल सुबह वापस उनको लेकर धर्मशाला लौटेगा। घटनाओं में यह तय हो गया कि मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कुछ होने वाला है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू अपने नए मंत्रियों को 7 जनवरी को शपथ दिला सकते हैं। इसके लिए राजनीतिक हलचल भी तेज है। वर्तमान में मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ही कैबिनेट में हैं और चुनाव घोषणा पत्र की गारंटी पूरा करने के लिए फुल कैबिनेट में ही मसले रखे जाएंगे।

इसलिए भी मंत्रिमंडल का इंतजार है। कांग्रेस के भीतर संतुलन को साधने के लिए यह संभव है कि मुख्यमंत्री अभी फिलहाल दो या तीन मंत्री पद खाली रखें। दिल्ली पहुंचने के बाद वह ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस प्रभारी राजेश शुक्ला के साथ चर्चा करेंगे और उसके बाद ही नए मंत्रियों की लिस्ट फाइनल होगी। यदि 7 जनवरी को मंत्रियों की शपथ हुई तो शुक्रवार को शीतकालीन सत्र के आखिरी दिन ही सबको शिमला के लिए मूव करना होगा।