Jun 9, 2022, 20:10 IST

महाराष्ट्र में 2813, दिल्ली में 622 कोरोना के ताजा मामले दर्ज, बढ़ते मामलों को देख केंद्र ने राज्यों को लिखा पत्र

 महाराष्ट्र में 2813, दिल्ली में 622 कोरोना के ताजा मामले दर्ज, बढ़ते मामलों को देख केंद्र ने राज्यों को लिखा पत्र

 दिल्ली में कोविड-19 का असर फिर से बढ़ने लगा है।

दिल्ली में गुरुवार को कोरोना संक्रमण के 633 नए मामले सामने आए और 2 मौतें भी हुई, जबकि 537 लोग इस बीमारी से ठीक हुए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा साझा किये गए आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है। इसके साथ ही दिल्ली में कोविड-19 मामलों की संख्या बढ़कर 19,10,613 जबकि मृतकों की तादाद 26,216 हो गई है।  कि एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी में कुल 19,619 नमूनों की कोविड-19 जांच की गई।

वहीं महाराष्ट्र में बृहस्पतिवार को कोविड-19 के 2,813 नए मामले आए, जो पिछले करीब चार महीने में एक दिन में सामने आए मरीजों की सबसे अधिक संख्या है। वहीं, पिछले चौबीस घंटे में एक मरीज की संक्रमण से मौत हुई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग ने बताया कि राज्य में उपचाराधीन मरीजों की संख्या बढ़कर 11,571 हो गई है।

 नए मामलों में से अकेले मुंबई में 1,702 से आए हैं और राज्य में दर्ज एकमात्र मौत भी महानगर में ही हुई है। विभाग ने बताया कि 15 फरवरी को आए 2,831 मामलों के बाद एक दिन में महाराष्ट्र में सबसे अधिक संक्रमितों की संख्या बृहस्पतिवार को दर्ज की गई। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इसके साथ ही राज्य में अबतक कोरोना वायरस संक्रमण के 79,01,628 मामले आ चुके हैं और 1,47,867 लोगों की मौत दर्ज की गई है। गौरतलब है कि बुधवार को महाराष्ट्र में कोरोना वायरस से संक्रमण के 2,701 नए मामले आए थे।

वहीं केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने सभी राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों को पत्र लिखा है। केंद्र ने राज्यों से कहा है कि पिछले 2 हफ्तों में कोविड-19 के मामलों में तेजी देखी गई है। केंद्र द्वारा राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों को निर्देश दिया है कि उन्हें कोविड के खतरे को लेकर अपनी सुरक्षा में कमी नहीं करनी चाहिए और महामारी की स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए अब तक की गई प्रगति पर काम करना जारी रखना चाहिए।