Dhanteras 2023: हिंदू धर्म में दिवाली के पर्व का बड़ा महत्व है। इस त्योहार की शुरूआत धनतेरस के साथ होती है, जोकि इस बार 10 नवंबर यानि कि शुक्रवार को है। धनतेरस के दिन सभी लोग धन के देवता कुबेर और माता लक्ष्मी की पूजा करते हैं।
मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से पूजा-अर्चना करने से घर परिवार में बरकत आती है और घर के सदस्यों पर धन वर्षा होती है। वैसे तो धनतेरस पर कई वस्तुओं की खरीदारी की जाती है। जैसे सोना, चांदी, बर्तन, वाहन व भूमि- मकान आदि।
लेकिन इन सबके अलावा एक महत्वपूर्ण वस्तु है झाड़ू, जिसे धनतेरस के दिन खरीदना आवश्यक माना जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं ऐसा क्यों है। ज्योतिषाचार्य के अनुसार झाड़ू को माता लक्ष्मी का प्रतीक माना जाता है।
साथ ही झाड़ू को सुख-शांति बढ़ाने और दरिद्रता हटाने वाली माना जाता है। इसी के साथ मान्यता तो यह भी है कि धनतेरस के दिन अगर नई झाड़ू लाई जाए तो धन से संबंधित परेशानियों से मुक्ति मिलती है। इस दौरान फूल और सींक वाली झाड़ू खरीदना बेहद शुभ माना जाता है।
धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदने को लेकर एक और मान्यता यह है कि ऐसा करने से माता लक्ष्मी घर छोड़कर नहीं जाती हैं। इसके साथ कुछ लोग मानते हैं कि इस दिन झाड़ू घर लाने से पुराने कर्ज से मुक्ति मिल जाती है और घर में सकारात्मक ऊर्जा का प्रसार होता है।
धनतेरस के दिन झाड़ू खरीदने से आर्थिक संपन्नता बढ़ती है। लेकिन इस दिन यूं ही कोई भी झाड़ू न खरीद लाएं। इस दिन केवल और केवल सींक या फूल वाली झाड़ू ही खरीदें। झाड़ू खरीदते वक्त ध्यान रहे कि वो पतली या मुरझाई सी न हों। उसकी तीलियां अच्छी कंडीशन में होनी चाहिए और ये जितनी ज्यादा घनी होगी, उतना अच्छा होगा। इसकी तीलियां टूटी नहीं होनी चाहिए। इसकी तीलियां साफ-सुथरी और मजबूत होनी चाहिए। नई झाड़ू को किचन या बेडरूम के अंदर न रखें। इसे पलंग के नीचे या पैसों की अलमारी के आस-पास भी न रखें।
धनतेरस(Dhanteras) पर झाड़ू खरीदने के बाद उस पर सफेद रंग का धागा जरूर बांधें। ऐसा माना जाता है कि धागा बांधने से मां लक्ष्मी की कृपा हमेशा बनी रहती है। इस दौरान ध्यान रहे कि झाड़ू को साफ हाथों से ही छुएं। साथ ही झाड़ू को दिवाली के दिन और बाद में दान करना भी शुभ माना जाता है।
इस बात का ध्यान रखें कि झाड़ू को कभी भी खड़ा करके नहीं रखना चाहिए। ऐसे झाड़ू को रखना अशुभ माना जाता है। इसलिए हमेशा सही तरीके से इसे रखें। कोशिश करें कि, झाड़ू को हमेशा ऐसी जगह पर रखें जहां से वो किसी की नजर में ना आए।
पुरानी झाड़ू को घर में रखने से नकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। साथ ही आर्थिक स्थिति पर भी इसका बुरा असर पड़ता है। इसलिए धनतेरस से पहले ही इसे उचित जगह पर छिपा कर रख दें।