Mar 23, 2023, 08:37 IST

Chaitra Navratri 2023: चैत्र नवरात्रि का दूसरा दिन आज, की जाएगी मां ब्रह्मचारिणी की पूजा, जानें मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-विधि

Chaitra Navratri 2023: चैत्र नवरात्रि का दूसरा दिन आज, की जाएगी मां ब्रह्मचारिणी की पूजा, जानें मां ब्रह्मचारिणी की पूजा-विधि

Chaitra Navratri 2nd Day: आज चैत्र शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि और गुरुवार का दिन है। द्वितीया तिथि आज शाम 6 बजकर 20 मिनट तक रहेगी। आज चैत्र नवरात्र का दूसरा दिन है। चैत्र नवरात्र का हर दिन मां दुर्गा के विभिन्न नौ रूपों में से किसी न किसी एक रूप से संबंध रखता है। आज चैत्र नवरात्र के दूसरा दिन का संबंध मां दुर्गा के दूसरे स्वरूप ब्रह्मचारिणी से है। आज मां दुर्गा के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की पूजा की जाएगी। यहां ‘ब्रह्म’ शब्द का अर्थ तपस्या से है और 'ब्रह्मचारिणी' का अर्थ है- तप का आचरण करने वाली। मां दुर्गा का ये स्वरूप अनंत फल देने वाला है।

सफेद वस्त्र धारण किये हुए मां ब्रह्मचारिणी के दो हाथों में से दाहिने हाथ में जप माला और बाएं हाथ में कमंडल है। इनकी पूजा से व्यक्ति के अंदर जप-तप की शक्ति बढ़ती है। मां ब्रह्मचारिणी अपने भक्तों को संदेश देती हैं कि परिश्रम से ही सफलता प्राप्त की जा सकती है। कहते हैं आज जो भी व्यक्ति मां ब्रह्मचारिणी की पूजा करता है, वह जीवन के किसी भी क्षेत्र में जीतने की शक्ति हासिल कर सकता है। इससे व्यक्ति के अंदर संयम, धैर्य और परिश्रम करने के लिए मनोबल की भी बढ़ोतरी होती है। 

मंत्र के जाप से प्रसन्न होंगी मां ब्रह्मचारिणी 
अगर आप किसी कार्य में अपनी जीत सुनिश्चित करना चाहते हैं तो आज आपको देवी ब्रह्मचारिणी के इस मंत्र का जाप जरूर करना चाहिए। देवी ब्रह्मचारिणी का मंत्र इस प्रकार है- 'ऊं ऐं ह्रीं क्लीं ब्रह्मचारिण्यै नम:'।  आज आपको इस मंत्र का कम से कम एक माला, यानि 108 बार जाप करना चाहिए। इससे विभिन्न कार्यों में आपकी जीत सुनिश्चित होगी। साथ ही आज माता को शक्कर और पंचामृत का भोग लगाने से व्यक्ति को लंबी आयु का वरदान मिलता है । मंगल संबंधी समस्याओं से छुटकारा पाने के लिए भी आज मां ब्रह्मचारिणी की पूजा करना बड़ा ही लाभदायी होगा।