Nov 26, 2023, 16:34 IST

आप के स्थापना दिवस पर बोले CM केजरीवाल, 'पहली बार मनीष सिसोदिया नहीं हैं हमारे साथ'

आप के स्थापना दिवस पर बोले CM केजरीवाल, 'पहली बार मनीष सिसोदिया नहीं हैं हमारे साथ'

नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवाद को आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि यह आम आदमी पार्टी का पहला ऐसा स्थापना दिवस है जब मनीष सिसोदिया, संजय सिंह मौजूद नहीं हैं, वे झूठे मामलों में जेल में बंद हैं, मुझे उनकी याद आती है।

आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पार्टी के स्थापना दिवस के मौके पर कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं और साथी नेताओं- मनीष सिसोदिया एवं संजय सिंह को याद करते हुए कहा कि ये नेता 'फर्जी मामलों' में जेल में हैं।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी देश की सबसे तेजी से उभरती हुई पार्टी है। हमारी पार्टी को टारगेट करने की कोशिश की जा रही है। यह हमारा पहला स्थापना दिवस है, जब हमारे साथ मनीष सिसोदिया नहीं हैं। मुझे मेरे सभी नेताओं पर गर्व है, जो भारतीय जनता पार्टी से डरे नहीं।

आप के स्थापना दिवस पर दिल्ली CM और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "...पिछले 11 वर्षों में AAP को जितना AAP को निशाना बनाया गया है, भारत के इतिहास में किसी अन्य राजनीतिक पार्टी को इतना निशाना नहीं बनाया गया। इन्होंने 250 से फर्जी मामले हम पर किए हैं। देश की सभी एजेंसियों को AAP के पीछे लगा दिया। लेकिन उन्हें आज तक एक भी सबूत नहीं मिला...यह पहला स्थापना दिवस है जब मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन, संजय सिंह और विजय नायर हमारे साथ नहीं हैं। उन्हें झूठे मामलों में जेल में डाल दिया। भाजपा को दूसरी पार्टियों के नेताओं पर झूठे मामले पर झुकाना आता है, लेकिन उन्हें AAP को झुकाना नहीं पता। यह हम सब के लिए गर्व की बात है कि आज तक हमारा एक भी विधायक न बिका, न ही टूटा...''

दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने वीडियो कांफ्रेंस के जरिये संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 'आप' तेजी से बढ़ती पार्टी है, साथ ही यह पिछले 11 साल में सबसे ज्यादा निशाने पर रही भी है। उन्होंने कहा, ''इन 11 वर्षों में हमें सबसे ज्यादा निशाना बनाया गया है। सभी जांच एजेंसियां- प्रवर्तन निदेशालय (ईडी), केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) और दिल्ली पुलिस, हमारे पीछे हाथ धोकर पड़ी हुई हैं। हमारे खिलाफ 250 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं, लेकिन गलत तरीके से कमाई का एक भी पैसा नहीं मिला है।''

उन्होंने कहा कि यह दिन भले ही खुशी का हो, लेकिन फिर भी वह दुखी हैं, क्योंकि उन्हें सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येंद्र जैन की याद आ रही है। उन्होंने कहा, ''यह अभी तक का पहला स्थापना दिवस है, जब वे (सिसोदिया, सिंह और जैन) हमारे साथ नहीं हैं। उनके खिलाफ फर्जी मामले दर्ज किए गए, लेकिन वे टूटे नहीं। उनके परिवार भी दृढता से खड़े हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विपक्षी नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर उन्हें तोड़ना चाहती है, लेकिन हमें हमारे उन नेताओं पर गर्व है, जो झुके नहीं।''

केजरीवाल ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में पिछले 11 साल के सफर को भी याद किया। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, ''आज ही के दिन साल 2012 में देश का आम आदमी ‘उठ खड़ा’ हुआ था और अपनी खुद की पार्टी ‘आम आदमी पार्टी’ की स्थापना की थी। तब से लेकर आज तक इन 11 साल में बहुत उतार-चढ़ाव आए, बहुत मुश्किलें भी आईं, लेकिन हम सबके जज्बे और जुनून में कोई कमी नहीं आई है।'' 'आप' इस समय दिल्ली और पंजाब की सत्ता में है और कई अन्य राज्यों में अपना जमीनी आधार बढ़ा रही है। हम सब अपने मज़बूत इरादों के साथ आगे बढ़ते रहेंगे और जनता के लिए काम करते रहेंगे। सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।''