May 26, 2023, 09:16 IST

भारतीय नौसेना ने रचा एक और कीर्तिमान, INS विक्रांत पर रात में मिग-29K की सफल लैंडिंग

भारतीय नौसेना ने रचा एक और कीर्तिमान, INS विक्रांत पर रात में मिग-29K की सफल लैंडिंग

नई दिल्ली: भारतीय नौसेना ने एक और कीर्तिमान रचा है। नौसेना ने भारत के स्वदेशी आईएनएस विक्रांत युद्धपोत पर मिग-29के की रात में सफलतापूर्वक लैंडिंग कराई है। नौसेना की यह उपलब्धि आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती ताकत की ओर बड़ा कदम है। गौरतलब है कि इससे पहले तेजस विमान के नौसैनिक वर्जन ने आईएनएस विक्रांत पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की थी।

हालांकि, तब यह लैंडिंग दिन के वक्त ही करवाई गई थी। इसके अलावा कामोव 31 हेलिकाप्टर को भी 28 मार्च को आईएनएस विक्रांत पर उतारा गया था। भारतीय नौसेना के अधिकारी के मुताबिक, परीक्षण के दौरान स्वदेशी प्रकाश सहायक उपकरण और शिपबोर्न सिस्टम का इस्तेमाल किया गया, जो कि पूरी तरह सफल सिद्ध हुए।

गौरतलब है कि कोचिन शिपयार्ड में बने आईएनएस विक्रांत की लंबाई 262 मीटर है। वहीं इसकी चौड़ाई भी करीब 62 मीटर है। यह 59 मीटर ऊंचा है और इसकी बीम 62 मीटर की है। युद्धपोत में 14 डेक हैं और 1700 से ज्यादा क्रूको रखने के लिए 2300 कंपार्टमेंट्स हैं। इनमें महिला अधिकारियों के लिए अलग से केबिन बनाए गए हैं। इसके अलावा इसमें आईसीयू से लेकर चिकित्सा से जुड़ी सभी सेवाएं और वैज्ञानिक प्रयोगशालाएं भी हैं। आईएनएस विक्रांत का वजन करीब 40 हजार टन है, जो इसे अन्य एयरक्राफ्ट से विशाल बनाता है।