Jan 14, 2024, 17:30 IST

कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' मणिपुर से शुरू

कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' मणिपुर से शुरू

राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' आज मणिपुर से शुरू हो गई. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने थौबल जिले से हरी झंडी दिखाकर यात्रा की शुरुआत की.

इस इवेंट में शामिल होने के लिए दिल्ली से इंडिया की विशेष फ्लाइट से सलमान खुर्शीद, राजीव शुक्ला, आनंद शर्मा, रणदीप सिंह सुरजेवाला, अशोक गहलोत, अभिषेक मनु सिंघवी, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सचिन पायलट, दिग्विजय सिंह, प्रमोद तिवारी समेत 70 के करीब कांग्रेस नेता राहुल गांधी के साथ इंफाल पहुंचे.

मणिपुर से शुरू होकर कांग्रेस की यह यात्रा 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद 20 मार्च को मुंबई में समाप्त होगी. इस दौरान राहुल  60-70 कांग्रेस नेताओं के साथ बस से यह दूरी तय करेंगे. प्रमुख जगहों पर वह पैदल मार्च भी करेंगे. यह राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' की दूसरी कड़ी है, जिसमें कांग्रेस नेता ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक की यात्रा की थी. 3500 किलोमीटर की 'भारत जोड़ो यात्रा' 12 राज्यों से होकर गुजरी थी. वहीं, 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' 15 राज्यों को कवर करेगी.

राहुल गांधी अपनी इस यात्रा के 67 दिनों में 110 जिलों से गुजरेंगे. यात्रा 355 लोकसभा सीटों को कवर करेगी जो देश की कुल संसदीय सीटों का 65% है. 2019 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने इन 355 सीटों में से 236 सीटें जीती थीं, जबकि कांग्रेस केवल 14 सीटें जीतने में सफल रही थी. यात्रा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान से भी गुजरेगी, जहां कांग्रेस हाल ही में चुनाव हारी है.

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने इसके बारे में जानकारी देते हुए कहा, 'यह यात्रा पिछले 10 वर्षों में हुए राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अन्याय को ध्यान में रखते हुए निकाली जा रही है.' पार्टी पहले इंफाल से यात्रा शुरू करने वाली थी, लेकिन मणिपुर में तनावपूर्ण हालातों के मद्देनजर वहां के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने इसके लिए मंजूरी नहीं दी. इसलिए कांग्रेस ने इंफाल से 25 किमी दूर थौबल जिले से अपनी यात्रा शुरू की. यात्रा के दौरान राहुल गांधी अलग-अलग नागरिक संस्थाओं से मिलेंगे और उनकी जनसभाएं होंगी.