Sep 18, 2022, 05:23 IST

विपक्षी पार्टी पर खूब गरजीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी; कहा, कांग्रेस से उसके नेता ही खुश नहीं

विपक्षी पार्टी पर खूब गरजीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी; कहा, कांग्रेस से उसके नेता ही खुश नहीं
रामपुर बुशहर: रामपुर में ‘नारी को नमन’ सम्मेलन में शामिल होने पहुंची केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने जमकर कांग्रेस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि इन दिनों कांग्रेस नेता कांग्रेस छोड़ रहे हैं और हाल ही में बिलासपुर के रहने वाले कांग्रेस नेता रामलाल ठाकुर ने कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा पेश किया है। राम लाल ठाकुर ने भी माना कि कांग्रेस दिशाहीन और नेतृत्वविहीन है और हिमाचल में इस पार्टी में मुख्यमंत्री के कई सारे उम्मीदवार हैं। इस बात से कांग्रेस की स्थिति बिल्कुल साफ हो गई है। जिस पार्टी से अपने ही नेता खुश नहीं हैं, उससे प्रदेश की जनता कैसे खुश होगी। स्मृति ईरानी ने कहा कि आज देश के पहले जनसेवक और नए भारत के पथ प्रदर्शक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन है।
हिमाचल में डबल इंजन सरकार ने हिमाचल के विकास की गाथा को नए क्षितिज पर पहुंचाया है। केंद्र में मोदी सरकार और हिमाचल में जयराम सरकार ने मिलकर राज्य की समग्र प्रगति को गति देने के लिए बहुत अच्छा काम किया है। 30 साल बाद रामपुर को संस्कृत कॉलेज मिला, लेकिन दुर्भाग्य से कांग्रेस ने पिछले 30 वर्षों से केवल इसका सपना देखा था। सपने दिखाना कांग्रेस की पुरानी परंपरा है। यह कांग्रेस का कल्चर है कि वे अपनी बात पर कायम नहीं रहते। वे जो कहते हैं, उसे कभी पूरा नहीं करते। कांग्रेस ने सुनिश्चित किया कि अटल सुरंग पूरी न हो, लेकिन मैं भाजपा सरकार की शुक्रगुजार हूं कि यह ऐतिहासिक सुरंग बनकर तैयार हो गई है और अब यह सुरंग विश्व प्रसिद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय राजनीति को एक नया दृष्टिकोण दिया है, जहां उन्होंने देश की महिलाओं का ध्यान रखा और उन्हें अत्यधिक सम्मान दिया है। मोदी ने हमें स्वच्छ भारत अभियान दिया, जिसने हमारे राज्य और राष्ट्र की कायाकल्प हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आम जनता के स्वास्थ्य के बारे में कभी नहीं सोचा। जब से केंद्र में भाजपा सरकार सत्ता में आई है, 10 करोड़ से अधिक परिवार अब आयुष्मान भारत के तहत आ गए हैं, जहां उन्हें पांच लाख तक की मुफ्त स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं और हिमाचल में 4.37 लाख परिवार इस लोकप्रिय योजना के तहत कवर किए गए हैं।
जयराम सरकार की बदौलत जो लोग आयुष्मान भारत के दायरे में नहीं थे, वे अब हिमकेयर के दायरे में आ गए हैं। डबल इंजन सरकार का फर्क पड़ता है और इसका अंतर साफ है। हमने बिलासपुर में एम्स, ऊना में पीजीआई सेंटर, नालागढ़ में मेडिकल डिवाइस पार्क और ऊना में बल्क ड्रग पार्क दिया। कांग्रेस को देखना चाहिए कि डबल इंजन सरकार ने हिमाचल को क्या दिया है। भाजपा देश के लोगों के लिए काम कर रही है, जबकि कांग्रेस आराम कर रही है। कांग्रेस के सत्ता में वापस आने की कोई गुंजाइश नहीं है। इस अवसर पर मंत्री गोविंद ठाकुर, महिला मोर्चा अध्यक्ष रशीमधर सूद, जिलाध्यक्ष अजय श्याम, अध्यक्ष कौल नेगी, युवराज बोध, अनीता और कुलवीर भी मौजूद थे। इस मौके पर विधायक नंद लाल भी मौजूद रहे। मंत्री ने दत्तनगर में रामपुर विधानसभा क्षेत्र निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 18 प्रचार वाहनों रवाना किए। उन्होंने दत्तनगर में महिला सम्मेलन को भी संबोधित किया। इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आने का भी कार्यक्रम था, पर वे नहीं आए।
कांग्रेस ने दिखाए काले झंडे
रामपुर के शिंगला हेलिपेड से रामपुर जाते हुए स्मृतिईरानी के काफिले के सामने कुछ कांग्रेसियों ने महंगाई के विरोध में प्रदर्शन किया और काले झंडे दिखाते हुए गो बैक के नारे भी लगाए।