नई दिल्ली: दो चरणों की वोटिंग के बाद उत्तर प्रदेश में तीसरे फेज के लिए चुनावी रण तेज हो गई है। तमाम दलों के नेता तीसरे चरण के मतदान के लिए जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। तीसरे चरण में उत्तर प्रदेश के 16 जिलों की 59 सीटों पर वोटिंग होनी है।
तीसरे चरण में हाथरस, फिरोजाबाद, कासगंज, एटा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, हमीरपुर और महोबा की 59 सीटों पर वोटिंग होने हैं।
तीसरे चरण में अवध, पश्चिमी यूपी और बुंदेलखंड में मतदान होना है। इस चरण में पश्चिमी यूपी के पांच जिले फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज और हाथरस हैं जहां 19 विधानसभा सीटें हैं। अवध रीजन के कानपुर, कानपुर देहात, औरैया, फर्रुखाबाद, कन्नौज, इटावा, 6 जिले हैं जहां 27 विधानसभा सीटें हैं। वहीं बुंदेलखंड में झांसी, जालौन, ललितपुर, हमीरपुर, महोबा जिले में मतदान होना है जहां 13 विधानसभा सीटे हैं।
अखिलेश यादव के लिए सत्ता में वापसी लिए यह चरण सबसे अहम है तो बीजेपी के लिए भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 2017 के चुनाव में इन इलाकों में बीजेपी 49 सीटें जीतने में कामयाब रही थी। जबकि समाजवादी पार्टी महज 8 सीटें मिली थीं। वहीं कांग्रेस और बीएसपी को सिर्फ एक-एक सीट से संतोष करना पड़ा था।
खास बात ये है कि तीसरे चरण में 30 सीटें ऐसी हैं जो यादव बहुल हैं और ये सीटें फिरोजाबाद, कन्नौज, मैनपुरी, इटावा, एटा जैसे जिलों में आती हैं। 2017 में 30 यादव बहुल सीटों के बाजवूद सपा महज 6 सीटें जीत पाई थी। गौरतलब है कि इसी चरण में मैनपुरी की करहल सीट से सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी चुनाव लड़ रहे हैं।
इस चरण में अखिलेश यादव और शिवपाल यादव ही नहीं योगी सरकार के कई दिग्गज मंत्रियों की साख भी तीसरे चरण में दांव पर लगी है। अखिलेश यादव के खिलाफ केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल करहल सीट से चुनाव लड़ रहे हैं तो कानपुर की महाराजपुर सीट पर योगी सरकार के मंत्री सतीश महाना की साख दांव पर लगी है। इसके साथ ही कभी बीएसपी का ब्राह्मण चेहरे रहे रामवीर उपाध्याय ने बीजेपी ने सादाबाद सीट से टिकट दी है। वहीं फार्रुखाबाद सीट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद की पत्नी लुईस खुर्शीद कांग्रेस से चुनाव लड़ रही हैं।
तीसरे चरण में कुल 2,15,75,430 (दो करोड़ पन्द्रह लाख पचहत्तर हजार चार सौ तीस) मतदाता हैं। इसमें 1,16,12,010 पुरुष मतदाता, 99,62,324 महिला मतदाता तथा 1,096 थर्ड जेंडर के मतदाता शामिल हैं।