Apr 13, 2022, 20:35 IST

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, IMD ने इन हिस्सों में दी बारिश की चेतावनी

उत्तर भारत में भीषण गर्मी का कहर, IMD ने इन हिस्सों में दी बारिश की चेतावनी

नई दिल्लीः उत्तरी भारत में भीषण गर्मी लोगों की शामत बनी हुई है, जिससे लोग पसीने से सराबोर हो रहे हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के आसपास सुबह से शाम तक गर्मी का प्रकोप देखने को मिला है।

पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में आंधी के साथ बारिश होने से तापमान नीचे लुढ़क गया, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली। भारतीय मौसम विभाग(आईएमडी) ने कुछ हिस्सों में अब बारिश की चेतावनी जारी कर दी है। 

आईएमडी के विज्ञानी अभिषेक आनंद के मुताबिक, 16 अप्रैल को झारखंड के पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहने के साथ साथ हल्की बारिश होने की संभावनी बनी रहेगी। 17 और 18 अप्रैल को राज्य के पूर्वी हिस्सों में कहीं कहीं गर्जन के साथ साथ बारिश की संभावना है।

हालांकि इन बारिशों का राजधानी के तापमान पर कुछ खास बदलाव के संकेत नहीं मिले हैं। लगातार चार से पांच दिनों तक तापमान 40 के पार रहने का पूर्वानुमान किया गया है। आज भी उत्तर पश्चिमी और मध्य हिस्सों में हीटवेव चलने की संभावना है।

वहीं, ऐसा पहली बार हुआ है जब राजधानी में इतनी गर्मी पड़ने के बाद भी बारिश की एक बूंद न बरसी हो। चिलचिलाती धूप में लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। आईएमडी के मुताबिक, राज्य में पिछले 24 घंटे के दौरान सबसे अधिक तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस डालटेनगंज में रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गढ़वा में 21.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है।

बता दें कि झारखंड में पश्चिमी और दक्षिण-पश्चिमी हवा चलने के कारण तपिश बढ़ी हुई है। राज्य के उत्तर पश्चिमी हिस्सों में आज हीट वेव चलने का पूर्वानुमान है। इन हिस्सों में हीट वेव को ले मौसम विभाग ने बाकायदा येलो अलर्ट भी जारी किया है। आज भी राजधानी समेत आसपास के जिलों में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ रहेगा।