Sep 22, 2022, 05:17 IST

साल में गौतम अडानी की दौलत दोगुना, हर दिन कमाए 1612 करोड़

साल में गौतम अडानी की दौलत दोगुना, हर दिन कमाए 1612 करोड़
एशिया के सबसे रईस अरबपति गौतम अडानी ने 2022 की आईआईएफएल वेल्थ हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में शीर्ष स्थान हासिल किया है। हुरुन इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले एक साल में गौतम अडानी की दौलत बेतहाशा बढ़ी है। अडानी की संपत्ति पिछले एक साल में 116 फीसदी बढ़ी है और कुल मिलाकर उन्होंने 5,88,500 करोड़ रुपए जोड़े। हर दिन के हिसाब से देखें तो अडानी ने 1612 करोड़ रुपए कमाए हैं। रिपोर्ट में गौतम अडानी की कुल संपत्ति 10,94,400 करोड़ रुपए आंकी गई है। बता दें कि गौतम अडानी अभी दुनिया के दूसरे सबसे रईस अरबपति हैं। अडानी से आगे टेस्ला के एलन मस्क हैं। हुरुन इंडिया के एमडी अनस रहमान जुनैद ने बताया है कि पिछले पांच वर्षों में अडानी समूह ने अधिग्रहण और ऑर्गेनिक ग्रोथ पर फोकस किया है। इस वजह से संपत्ति में आश्चर्यजनक रूप से 1,440 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। समूह की सात कंपनियां शेयर बाजार में लिस्टेड हैं। पिछले कुछ साल से इन कंपनियों का ग्रोथ लगातार बढ़ रहा है।
रिपोर्ट में कहा गया है साल 2022 को अडानी की बेतहाशा दौलत बढ़ोतरी के लिए याद किया जाएगा। वह एकमात्र भारतीय हैं, जिन्होंने एक लाख करोड़ की मार्केट कैप वाली सात कंपनियों का निर्माण किया है। उधर, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी या अन्य अरबपतियों की तुलना में अडानी की दौलत तीन लाख करोड़ रुपए से ज्यादा है। यह भी अहम है कि 2012 में अडानी की संपत्ति अंबानी की संपत्ति का मुश्किल से छठा हिस्सा थी। मुकेश अंबानी की संपत्ति में पिछले एक साल में 11 फीसदी का इजाफा हुआ है। हालांकि, उन्होंने 10 साल में पहली बार इस लिस्ट से अपनी शीर्ष रैंकिंग गंवा दी है। रिपोर्ट में मुकेश अंबानी की दौलत 7.94 लाख करोड़ रुपए आंकी गई है। अगर पिछले पांच साल के हिसाब से देखें तो मुकेश अंबानी की दौलत 115 फीसदी बढ़ी है। वैक्सीन बनाने वाले सीरम इंस्टीच्यूट के साइरस एस पूनावाला और उनके परिवार की संपत्ति में 25 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वह अमीरों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं। पूनावाला की संपत्ति 2,05,400 करोड़ रुपए होने का अनुमान है।