Dec 28, 2022, 11:11 IST

दिल्ली NCR सहित समस्त उत्तर भारत में कोहरे का कहर

दिल्ली NCR सहित समस्त उत्तर भारत में कोहरे का कहर

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह भी कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित रहा। लोग धुंध और कोहरे के बीच सडक़ किनारे, फल और सब्जी मंडियो में अलाव सेकते देखे गए। इसके साथ ही हिमाचल सहित उत्तर भारत के कई राज्यों में चल रही शीतलहर से ठिठुरन बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार अगले 3-4 दिनों तक दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड और घना कोहरा छाया रहेगा। अगले 24 घंटों के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों समेत उत्तरी राजस्थान के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

दिल्ली में आज सुबह तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दिल्ली में इस मौसम का सबसे अधिक कोहरा मंगलवार को देखा गया जिसके कारण रेल और अन्य यातायात प्रभावित हुए। मंगलवार को अधिकतम तापमान 17.2 डिग्री रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री दर्ज किया गया था। इस बीच पंजाब के अमृतसर में कड़ाके की सर्दी का सितम जारी रहा। तापमान न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।