Jan 14, 2024, 17:35 IST

मिलिंद देवड़ा ने शिवसेना को किया ज्वाइन

मिलिंद देवड़ा ने शिवसेना को किया ज्वाइन

Milind Deora joined Shiv Sena: पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने महाराष्ट्र में कांग्रेस को झटका दिया है। कांग्रेस नेता मिलिंद देवड़ा ने कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद नई पारी की शुरूआत शिवसेना के साथ की है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा ने एक्स पर अपने इस्तीफा की जानकारी दी है। देवड़ा का परिवार काफी पुराना कांग्रेसी परिवार रहा है। महाराष्ट्र की राजनीति में देवड़ा परिवार का काफी प्रभाव रहा है। ट्वीटर यानी एक्स पर मिलिंद देवड़ा ने लिखा: आज मेरी राजनीतिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण अध्याय का समापन हुआ। मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा दे दिया है, जिससे पार्टी के साथ मेरे परिवार का 55 साल पुराना रिश्ता खत्म हो गया है। मैं वर्षों से अटूट समर्थन के लिए सभी नेताओं, सहकर्मियों और कार्यकर्ताओं का आभारी हूं। मैं विकास के रास्ते पर चल रहा हूं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री मिलिंद देवड़ा कांग्रेस के दिग्गज नेता मुरली देवड़ा के बेटे हैं। मिलिंद देवड़ा 2004 और 2009 में मुंबई दक्षिण सीट से सांसद चुने गए थे। हालांकि, 2014 और 2019 में हुए चुनावों में उनको शिवसेना नेता अरविंद सावंत ने हरा दिया था। इस बार इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे में उद्धव ठाकरे की शिवसेना ने इस सीट पर अपना दावा किया है। मिलिंद देवड़ा को सीट गठबंधन दल के पास जाने का डर था। ऐसे में उन्होंने पार्टी छोड़ने का ऐलान कर दिया।