Oct 22, 2022, 08:55 IST

रिलायंस जियो को हुआ 4518 करोड़ का मुनाफा

रिलायंस जियो को हुआ 4518 करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली – रिलायंस इंडस्ट्री समूह की दूरसंचार एवं डिजिटल सेवा कंपनी रिलायंस जियाे इन्फोकाम लि (आरजेआईएल) को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 4518 करोड़ का शुद्ध मुनाफा हुआ है। यह कंपनी के एक वर्ष पहले की इसी अवधि के मुकाबले 28 प्रतिशत अधिक है। कंपनी ने शुक्रवार काे एक बयान में बताया कि उसे पिछले वर्ष जुलाई-सितंबर की तिमाही में 3528 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। आरजेआईएल को इस जुलाई-सितंबर तिमाही में परिचालन से 22521 करोड़ रुपये की आय हुई जो एक साल पहले की इसी अवधि की 18735 करोड़ रुपये की आय की तुलना में 20 प्रतिशत अधिक है।

आलोच्य तिमाही में कंपनी का परिचालन मार्जिन 26.3 प्रतिशत रहा जो पिछले वर्ष जुलाई-सितंबर के परिचालन मार्जिन के बराबर है। जुलाई-सितंबर तिमाही में कंपनी के शुद्ध लाभ का मार्जिन एक वर्ष के पहले 16 प्रतिशत की तुलना में 17 फीसदी रहा। कंपनी चालू वित्त वर्ष में बड़े पैमाने पर अपनी 5जी सेवायें देने की तैयारी में है। कंपनी ने अक्टूबर के शुरू में कहा था कि वह पांच अक्टूबर से दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और वाराणसी में चुनिंदा ग्राहकों के बीच पांचवी पीढ़ी की सेवाओं का परीक्षण करेगी।