Jul 21, 2022, 15:39 IST

सरसों का तेल 17 रुपए सस्ता हुआ, इस हफ्ते डिपुओं में सस्ते दामों पर मिलेगा तेल

सरसों का तेल 17 रुपए सस्ता हुआ, इस हफ्ते डिपुओं में सस्ते दामों पर मिलेगा तेल

प्रदेश के राशन डिपुओं में इस सप्ताह से राशन कार्ड धारकों को सस्ता सरसों का तेल मिलेगा। खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम की ओर से तेल की सप्लाई के आदेश जारी किए गए हैं। इसी सप्ताह तक प्रदेश के 121 गोदामों में सरसों के तेल की सप्लाई पहुंच जाएगी। गोदामों में सरसों के तेल की सप्लाई पहुंचने के बाद प्रदेश के राशन डिपुओं में सरसों के तेल की सप्लाई भेजी जाएगी। राशन डिपुओं में जल्द उपभोक्ताओं को सरसों का तेल पहले से कम कीमतों पर मिल सकेगा। प्रदेश के उपभोक्ताओं को गुणवत्तायुक्त खाद्य तेल सस्ती दरों पर उपलब्ध करवाने के मद्देनजर खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग ने इसकी खरीद सरकारी

एजेंसी हैफेड के माध्यम से 143 रुपए प्रति लीटर की दर से करने का निर्णय लिया गया है, जो रद्द किए गए टेंडर की तुलना में 17 रुपए प्रति लीटर कम है। इससे प्रदेश सरकार के प्रतिमाह लगभग 5.61 करोड़ रुपए की बचत होगी।

राशन डिपुओं में सस्ती दरों पर सरसों का तेल मिलने से प्रदेश के करीब साढ़े 19 लाख राशन कार्ड धारकों को इसका लाभ मिलेगा। प्रदेश के राशन डिपुओं में एपीएल उपभोक्ताओं में इस बार सरसों का तेल 139 रुपए और बीपीएल उपभोक्ताओं को 134 रुपए में मिलेगा। इससे पहले राशन डिपुओं में एपीएल उपभोक्ताओं को सरसों का तेल 156 और बीपीएल उपभोक्तओं को 151 रुपए में मिल रहा है। उधर, खाद्य नागरिक आपूर्ति निगम के एमडी राजेश्वर गोयल का कहना है कि सरसों के तेल की सप्लाई के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इस सप्ताह से प्रदेश के राशन डिपुओं में उपभोक्ताओं को सस्ती दरों पर सरसों का तेल मिलेगा।