नई दिल्लीः रूस और यूक्रेन में युद्ध के चलते दुनियाभर के शेयर बाजारों पर प्रभाव पड़ रहा है, जिससे निवेशकों को पैसा डूबने का भय सता रहा है। कई दौर की वार्ता के बाद भी रूस और यूक्रेन में अभी तक कोई बीच का रास्ता नहीं निकल पाया है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आलोचना झेलने के बाद भी रूस अपने कदम पीछे हटाने को तैयार नहीं है। शेयर बाजार में मंगलवार को पेटीएम का शेयर काफी नीचे चला गया।
पेटीएम का शेयर मंगलवार को 750 रुपये के नीचे जा पहुंचा। मंगलवार को 747 रुपये पर पेटीएम का शेयर जा लुढ़का। इसी के साथ पेटीएम का मार्केट कैपिटाईजेशन 50,000 करोड़ रुपये के नीचे जा लुढ़का है। वहीं, पेटीएम के शेयर में भारी बिकवाली जारी है।
पेटीएम के शेयर की स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्टिंग हुई है तब से इसके वैल्युएशन में 65 फीसदी से ज्यादा की गिरावट आ चुकी है। सोमवार 7 मार्च के पेटीएम का शेयर 751 रुपये तक नीचे जा लुढ़का था। बता दें पेटीएम ने अपना आईपीओ 2150 रुपये प्रति शेयर के रेट पर जारी किया था। आईपीओ के प्राइस से निवेशकों को प्रति शेयर करीब 1400 रुपये का नुकसान हो रहा है।
पेटीएम जब आईपीओ लेकर आई थी तब उसका मार्केट कैपिटाईजेशन 1,39,000 करोड़ रुपये था जो अब घटकर 48,911 करोड़ रुपये पर आ चुका है। 90,000 करोड़ रुपये मार्केट कैपिटाईजेशन घट चुका है। बता दें पेटीएम आईपीओ इतिहास का सबसे बड़ा 18,800 करोड़ रुपये का आईपीओ लेकर आई थी। शेयर की लिस्टिंग के बाद से ही शेयर में गिरावट का सिलसिला जारी है।
विदेशी ब्रोकरेज हाउस Macquarie Capital ने पेटीएम के शेयर का टारगेट 900 रुपये प्रति शेयर दिया था। पेटीएम का शेयर उसके नीचे जा फिसला है।

