MP News: कांग्रेस की नारी सम्मान योजना के पहले दिन हुए 1 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन

 

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार की लाड़ली बहना याेजना के मुकाबले में कांग्रेस की नारी सम्मान योजना की शुरूआत हो चुकी है। योजना के पहले ही दिन इसे माताओं और बहनों का भरपूर समर्थन मिला है।

प्रदेश के सभी जिलों से योजना के पहले ही दिन शाम सात बजे तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक एक लाख दो हजार 406 फार्म भरे गये। यह जानकारी मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं योजना के प्रभारी प्रकाश जैन ने आज बुधवार को जारी एक बयान में दी है।

प्रकाश जैन ने बताया कि समाज के सभी वर्गों की महिलाओं ने नारी सम्मान योजना के रजिस्ट्रेशन में उत्साह दिखाया। पहले दिन कमलनाथ, दिग्विजयसिंह, डॉ. गोविंद सिंह, सुरेश पचौरी, अरूण यादव, कांतिलाल भूरिया सहित पूर्व मंत्रियों एवं कांग्रेस विधायकों ने अपने हाथ से महिलाओं से नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाये।

उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में बूथ स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक के नेता और कार्यकर्ता नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाने का कार्य संपादित कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की कोशिश है कि मप्र की समस्त महिला मतदाताओं से नारी सम्मान योजना के फार्म भरवाये जायें और उन्हें इस योजना के लाभ से अवगत कराया जाये।

कांग्रेस उपाध्यक्ष जैन ने बताया कि कमलनाथ ने आज एक ट्वीट कर प्रदेश की नारी शक्ति से नारी सम्मान योजना में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। कमलनाथ ने अपने ट्वीट में यह भी कहा कि महंगाई के दानव को अगर प्रदेश से हटाना है तो हर महिला को उसका सम्मान दिलाना होगा। नारी सम्मान योजना इस दिशा में एक पहल है।