MP News: मंत्री निर्मला भूरिया ने इंदौर में बाल संरक्षण गृह और वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण, समस्याओं का मौके पर ही किया समाधान
संवाददाता- सुमित कुमार
Indore: महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने अपने इंदौर प्रवास के दौरान मंगलवार को राजकीय बाल संरक्षण गृह, वन स्टॉप सेंटर, बाल भवन, सखी निवास आदि स्थानों का अवलोकन किया। मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने बच्चों और संबंधित अधिकारियों के साथ खुलकर संवाद किया। बातचीत के माध्यम से मंत्री सुश्री भूरिया ने मौके पर ही बच्चों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया और उन्हें विश्वास दिलाया कि सरकार की योजनाओं से उन्हें लाभांवित किया जायेगा। इस मौके पर कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री रजनीश सिन्हा, संयुक्त संचालक डॉ. विशाल नाडकर्णी, क्षेत्रीय संयुक्त संचालक श्रीमती संध्या व्यास, परियोजना अधिकारी श्री राजेन्द्र मण्डलोई, उप संचालक श्रीमती सुनीता यादव, सहायक संचालक श्री विष्णु प्रताप सिंह, वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक श्रीमती वंचना परिहार, बाल संरक्षण आश्रम के अधीक्षक श्री दिनेश मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
इस मौके पर मंत्री सुश्री भूरिया ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत राजकीय बाल संरक्षण गृह में आम के पौधे का रोपण किया। साथ ही राजकीय बाल संरक्षण गृह में पढ़ने वाले बच्चों को लाने और ले जाने वाले वाहन को हरी झण्डी दिखाकर उसका लोकार्पण किया। मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने पलासिया स्थित बाल भवन परिसर का सम्पूर्ण अवलोकन किया। वहाँ उन्होंने बच्चों के लिए चलाई जा रही विभिन्न बाल गतिविधियों को नजदीकी से देखा। साथ ही बच्चों से संवाद किया। उन्होंने पलासिया स्थित सखी निवास में कामकाजी महिलाओं की समस्याओं को जाना और बातचीत के माध्यम से उनका समाधान किया।