Dungarpur News: ग्राम पंचायत रास्ता में अतिरिक्त जिला कलक्टर ने सुनी परिवेदनाएं, पूनम चंद डामोर को मुख्यमंत्री कन्यादान योजना से 41 हजार रुपए की
सहायता

 

Dungarpur: मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के समाधान कर त्वरित राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जिला कलक्टर डूंगरपुर श्री अंकित कुमार सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री दिनेश चंद्र धाकड़ ने गुरुवार को  ग्राम पंचायत रास्ता में रात्रि चौपाल की और ग्राम वासियों की परिवेदनाओं को सुना तथा त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।

पंचायत समिति सीमलवाड़ा की ग्राम पंचायत रास्ता में गुरुवार को आयोजित रात्रि चौपाल में पूनम चंद डामोर ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में आवेदन किया था इस योजनांतर्गत अतिरिक्त जिला कलक्टर ने 41हजार  रुपए की राशि का स्वीकृति पत्र जारी कर लाभान्वित किया गया ।

आयोजित रात्रि चौपाल में  ग्रामीणों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रास्ता को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्रमोन्नत करवाने, रास्ता के दो शहीद पार्कों का सौंदरीकरण करवाने, विद्यालय के लिए नवीन कक्षा कक्ष निर्माण करवाने, उपला रास्ता में नवीन सड़क बनवाने सड़क की चौड़ाई करवाने  सहित अन्य परिवेदनाएं लेकर बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित हुए तथा अपनी परिवेदनाओं को अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश चंद्र धाकड़ के समक्ष प्रस्तुत की । अतिरिक्त जिला कलक्टर ने एक-एक परिवादी की परिवेदना को सुनने के बाद संबंधित उपस्थित विभागीय अधिकारियों से तथ्यात्मक जानकारी लेते हुए नियमानुसार समाधान के निर्देश प्रदान  किए।

विभागीय अधिकारियों ने दी जानकारी

इस दौरान चौपाल में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के अधिकारी ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, दिव्यांग पेंशन योजना, एकल नारी पेंशन योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, पालनहार योजना, कन्यादान योजना, मुख्यमंत्री अनुप्रति कोचिंग योजना की जानकारी दी, वहीं  कृषि विभाग के अधिकारी ने राज किसान एप से आवेदन करने, ग्रीन हाउस, पाइप लाइन योजना, ड्रिप सिंचाई योजना,  सोलर पंप योजना, कृषक साथी योजना की विस्तृत जानकारी दी। इसी प्रकार अन्य उपस्थित  जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश चंद्र धाकड़ ने चौपाल में उपस्थित आमजन से कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के प्रति जागरूक रहकर अधिक से अधिक लाभ उठाएं व अन्य को भी प्रेरित करें । उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान हुई फसल खराबा, पशुहानि,जनहानि एवं जिनके आवास क्षतिग्रस्त हुए हैं इनका समय रहते आवेदन कर लाभ उठाएं तथा ग्रामीण शिविर सेवा  आयोजित किए जा रहे हैं उसमें  अधिक से अधिक भाग लेकर अपनी समस्या का समाधान करवाएं। उन्होंने बताया कि शिक्षा एक ऐसा ज्ञान है जिसके माध्यम आपके परिवार की स्थिति में बदलाव ला सकते है, इसलिए आप अपने बच्चों को अधिक से अधिक पढ़ाकर शिक्षित करें।

प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को किया प्रोत्साहित

राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रास्ता में अध्यनरत उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाले कक्षा 10 वीं एवं 12 वीं के कला एवं वाणिज्य संकाय के छात्र-छात्राओं को माल्यार्पण एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश चंद्र धाकड़ ने उनसे संवाद करते हुए  लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर अध्ययन करने की बात कही। इस अवसर पर चौपाल में ग्राम पंचायत सरपंच संजय कलासुआ, उपखंड अधिकारी सीमलवाड़ा विवेक गुर्जर, तहसीलदार अशोक शाह, ब्लॉक विकास अधिकारी ललित पंड्या सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी गण एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।