भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना, और.... बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से लिया संन्यास

 

Cheteshwar Pujara Retired: टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट को अलविदा कह दिया है। बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने 24 अगस्त (रविवार) को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बात की जानकारी दी। इसके बाद अब उनके इस फैसले को लेकर काफी चर्चा शुरू हो गई है। 

जानकारी के अनुसार, 37 साल के स्टार बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने X पर एक लंबा चौड़ा पोस्ट करके क्रिकेटिंग करियर पर विराम लगाया है। बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने लिखा, भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना, और हर बार मैदान पर कदम रखते ही अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करना - इसका असली मतलब शब्दों में बयां करना नामुमकिन है। लेकिन जैसा कि कहते हैं, हर अच्छी चीज़ का अंत होना ही होता है, और अपार कृतज्ञता के साथ मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का फैसला किया है। आप सभी के प्यार और समर्थन के लिए धन्यवाद!

इंटरनेशनल क्रिकेट में बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने अपना कदम साल 2010 में रखा था। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में डेब्यू किया था, जो कि एक टेस्ट मैच था। वहीं साल 2013 में जिम्बाब्वे के खिलाफ बुलावायो में उनका वनडे डेब्यू हुआ। पुजारा का वनडे करियर तो ज्यादा नहीं चला मगर टेस्ट क्रिकेट में उनके पांव डेब्यू के बाद अगले 13 साल तक जमे रहे। बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने भारत के लिए 103 टेस्ट और 5 वनडे खेले हैं, जिसमें उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 206 रन का है।