FIFA WC: स्विट्जरलैंड को 6-1 ms हराकर क्वार्टरफाइनल में पहुंचा पुर्तगाल

 

लुसैल। पुर्तगाल ने गोंकालो रामोस की हैट्रिक की बदौलत फीफा विश्व कप 2022 के सुपर-16 मुकाबले में स्विट्जरलैंड को 6-1 से रौंदकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। रामोस ने यहां लुसैल स्टेडियम पर मंगलवार को खेले गए मुकाबले में 17वें, 51वें और 67वें मिनट में गोल करके टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक बनाई। इसके अलावा पेपे (33वां मिनट), राफ़ेल गुरेरो (55वां मिनट) और राफ़ेल लेयाओ (90+2 मिनट) ने पुर्तगाल के गोल जमाए। पराजित टीम का एकमात्र गोल मैनुअल अकांजी (58वां मिनट) ने किया।

शुरुआती एकादश में क्रिस्टियानो रोनाल्डो की जगह लेने वाले 21 वर्षीय रामोस ने 17वें मिनट में पुर्तगाल का खाता खोला, जिसके बाद 40 वर्षीय पेपे ने हेडर मारकर उनकी बढ़त दोगुनी कर दी। पेपे इसके साथ विश्व कप में गोल करने वाले दूसरे सबसे वरिष्ठ खिलाड़ी बन गये। इससे पहले रोजर मिल्ला ने विश्व कप 1994 में 42 वर्ष की उम्र में रूस के खिलाफ गोल किया था।

स्विट्ज़रलैंड का रक्षण मैच के दौरान थका हुआ नज़र आया, जबकि पुर्तगाल की फॉरवर्ड पंक्ति लगातार आक्रामकता के साथ खेलती रही। रामोस ने हाफ टाइम के बाद एक और गोल जमाया, जबकि गुरेरो के गोल ने स्कोर को 4-0 कर दिया। अकांजी ने 58वें मिनट में गोल करके स्विट्ज़रलैंड को मैच में वापस लाने का प्रयास किया, लेकिन पुर्तगाल की फॉरवर्ड पंक्ति ने आक्रामक खेल जारी रखा और 6-1 के साथ मैच को समाप्त किया। पुर्तगाल की जीत का अर्थ है कि उसका सामना शनिवार को क्वार्टरफाइनल में मोरक्को से होगा।