Punjab: कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बिगड़ी थी तबीयत

 

नई दिल्ली। भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ चल रहे कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी का निधन शनिवार सुबह हो गया। इस कारण राहुल गांधी ने यात्रा स्थगित कर दी है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि जालंधर से कांग्रेस के सांसद संतोख सिंह चौधरी के असामयिक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। 

कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी को भारत जोड़ो यात्रा के दौरान लुधियाना में एक एम्बुलेंस में अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका निधन हो गया। जालंधर से सांसद थे संतोख सिंह चौधरी। बताया जा रहा है कि संतोख सिंह चौधरी का निधन हार्ट अटैक से हुआ है। वह आज राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में थे शामिल हुए थे।

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने घटना को दुखद बताते हुए इंडिया टीवी को फोन पर बताया कि संतोख सिंह चौधरी भारत जोड़ो यात्रा में कुछ दूरी पर उनके साथ ही चल रहे थे और आधा घंटा पहले ही हम साथ थे। उन्होंने कहा कि अचानक उन्होंने देखा कि एक एंबुलेंस उनको लेकर वहां से चली गई। कांग्रेस सांसद ने कहा कि वह काले रंग का ट्रैक सूट पहने हुए थे और एक-दूसरे ने नजर मिलने पर हमने अभिवादन भी किया। मनीष तिवारी ने आगे कहा कि वह हमारे बुजुर्ग थे और बड़े साल हम लोग इकट्ठे रहे थे। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है।

संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद राहुल गांधी ने फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा रोक दी है। यह यात्रा आज लुधियाना के लाडोवाल टोल प्लाजा से फगवाड़ा की तरफ जा रही थी। सुबह करीब 8.45 पर संतोख सिंह चौधरी की तबियत बिगड़ी। जिसके बाद राहुल गांधी भी उनको देखने के लिए अस्पताल गए। लेकिन कांग्रेस सांसद का निधन हो गया। बता दें कि चौधरी संतोख सिंह 76 साल के थे।