World Bank: अजय बंगा बन सकते हैं विश्व बैंक के नए अध्यक्ष
Feb 24, 2023, 09:00 IST
वाशिंगटन: मास्टरकार्ड के पूर्व सीईओ अजय बंगा विश्व बैंक के नए अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। व्हाइट हाउस ने इसके बारे में जानकारी दी है। व्हाइट हाउस ने बताया कि राष्ट्रपति जो बाइडेन ने घोषणा की है कि संयुक्त राज्य अमरीका मास्टरकार्ड के पूर्व सीईओ अजय बंगा को विश्व बैंक का अध्यक्ष नामित कर रहा है।
दरअसल, बीते सप्ताह वर्ल्ड बैंक के प्रमुख डेविड मलपास ने इस्तीफे का एलान कर दिया था। इसके बाद विश्व बैंक की ओर से कहा गया था कि वह जल्द ही नए अध्यक्ष का चयन कर सकता है। नए अध्यक्ष की नियुक्ति पर जो बाइडन ने कहा कि अजय बंगा विश्व बैंक का नेतृत्व करने के लिए सक्षम हैं। अजय बंगा को साल 2016 में पद्म श्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। 63 साल के बंगा वर्तमान में जनरल अटलांटिक के वाइस चेयरमैन हैं।