भारत की GDP पहली बार 4 ट्रिलियन डालर के पार

 
 

नई दिल्ली : भारत की अर्थव्यवस्था का साइज पहली बार चार ट्रिलियन डालर के पार निकल गया है। इसके साथ ही भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के काफी करीब पहुंच गया है। यह पांच ट्रिलियन डालर की अर्थव्यवस्था बनने का लक्ष्य पाने की दिशा में काफी अहम मील का पत्थर भी है।

जीडीपी (GDP) लाइव के आंकड़े बताते हैं कि भारत ने यह मुकाम शनिवार देर रात हासिल किया। शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे भारत की जीडीपी का साइज पहली बार चार ट्रिलियन डालर के पार निकला। अब भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के बेहद करीब पहुंच गया है।

चौथे पायदान पर मौजूद जर्मनी और भारत की जीडीपी के बीच का अंतर अब बहुत कम बचा है। अभी अमरीका दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। अमरीका की अर्थव्यवस्था का मौजूदा आकार 26.7 ट्रिलियन डालर है। उसके बाद 19.24 ट्रिलियन डालर की इकोनॉमी के साथ पड़ोसी देश चीन दूसरे स्थान पर है।

4.39 ट्रिलियन डालर के साथ जापान तीसरे नंबर पर है, जबकि जर्मनी 4.28 ट्रिलियन डालर की जीडीपी के साथ चौथे स्थान पर है। गौरतलब है कि भारत ने पिछले साल के दौरान ब्रिटेन और फ्रांस को पीछे छोड़ा था और दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना था।

अभी भारत की आर्थिक वृद्धि दर को देखें, तो यह किसी भी अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्था की तुलना में सबसे ज्यादा है। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 7.8 फीसदी रही। उससे पहले पिछले वित्त वर्ष के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था 7.2 फीसदी की दर से आगे बढ़ी थी। रिजर्व बैंक के अनुमान के अनुसार चालू वित्त वर्ष में भारत की आर्थिक वृद्धि दर 6.5 फीसदी रहने वाली है।