Sep 10, 2022, 03:36 IST

24 सितंबर को पहली बार किसी मोर्चा की रैली को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री, मंडी में युवाओं में जोश भरेंगे Modi

24 सितंबर को पहली बार किसी मोर्चा की रैली को संबोधित करेंगे प्रधानमंत्री, मंडी में युवाओं में जोश भरेंगे Modi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार भाजपा के किसी मोर्चे की रैली को संबोधित करेंगे। पहली बार ऐसा होगा जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भारतीय युवा मोर्चा के मंच से देश व प्रदेश के नाम होगा। 24 सितंबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी के पड्डल मैदान में प्रदेश भर से आए भाजयुमो के एक लाख से अधिक युवाओं व अन्य लोगों को संबोधित करेंगे। पड्डल मैदान में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह पांचवीं रैली होगी। शुक्रवार को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में भाजयुमो व भाजपा द्वारा शुद्धि हवन भी करवाया गया, ताकि प्रधानमंत्री की तैयारियां सही तरह से चल सके और वातावरण में भी शुद्धि रहे। अकेले कुछ दिनों के भीतर अब पड्डल मैदान में प्रशासन भी तैयारियां शुरू कर देगा।
भाजयुमो अगले दस दिनों में हर बूथ पर जाकर रैली का निमंत्रण युवाओं को देगा। मंडी जिला प्रशासन ने भी अपने स्तर पर रैली की तैयारियों को शुरू कर दिया है। वहीं, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर, प्रदेश महामंत्री ज्योति कपूर और प्रदेश प्रवक्ता राकेश वालिया का कहना है कि 24 सितंबर को मंडी के पड्डल मैदान में देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री एक लाख युवाओं को संबोधित करेंगे। यह रैली एक ऐतिहासिक रैली होगी और पूरे हिमाचल प्रदेश से एक लाख युवा इसमें भाग लेंगे। रैली को लेकर बल्ह मंडल बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें प्रदेश सचिव बिहारी लाल शर्मा व विधायक इंद्र सिंह गांधी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में रैली की दृष्टि को लेकर योजना बनाई गई।
युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर के नेतृत्व में युवा मोर्चा ने इस रैली को लेकर तैयारियां का आगाज किया। भाजयुमो अध्यक्ष अमित ठाकुर ने मोदी रैली को लेकर मंडी में मोर्चा संभाल लिया है। पड्डल मैदान में रैली की तैयारियों की दृष्टि से भूमि पूजन का कार्यक्रम किया गया, जिसमें प्रदेश के सचिव व मंडी लोकसभा के सह-प्रभारी बिहारी लाल शर्मा व मंडी लोकसभा की भारतीय जनता पार्टी के पूर्ण कालिक विस्तारक सुरेश शर्मा, मंडी लोकसभा क्षेत्र के चुनाव सह प्रभारी जयप्रकाश विशेष रूप से उपस्थित रहे। भूमि पूजन के कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता राकेश, भाजपा जिला मीडिया प्रभारी प्रशांत शर्मा, युवा मोर्चा के जिला के अध्यक्ष सोमेश उपाध्याय, भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष कपूर, युवा मोर्चा जिला महामंत्री मनोज ठाकुर, मंडल युवा मोर्चा के अध्यक्ष योगेश ठाकुर अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।