Dec 29, 2022, 14:54 IST

अनुराग ठाकुर ने 'भारत सरकार का आधिकारिक कैलेंडर 2023' किया जारी

अनुराग ठाकुर ने 'भारत सरकार का आधिकारिक कैलेंडर 2023' किया जारी

नई दिल्ली – केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार को वर्ष 2023 के लिए भारत सरकार का आधिकारिक कैलेंडर जारी किया। इस अवसर पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि कैलेंडर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास के भरोसे का प्रतिबिंब है।

उन्होंने जोशपूर्ण तरीके से आगे बढ़ रहे भारत को दर्शाने वाली 12 छवियों के एक प्रभावशाली संग्रह वाले कैलेंडर की सराहना की। उन्होंने कहा कि 12 महीनों के लिए 12 थीम सरकार द्वारा लोक कल्याण के लिए किए गए ज़ोरदार प्रयासों की एक झलक है। सूचना एवं प्रसारण मंत्री ने याद दिलाया कि कैलेंडर को दो साल के अंतराल के बाद वास्तविक रूप से कागज पर मुद्रित किया जा रहा है, जबकि दो वर्ष तक कैलेंडर केवल डिजिटल रूप में लाया गया।

श्री ठाकुर ने इसे सरकार की सर्वश्रेष्ठ कृतियों में से एक बताते हुए कहा कि इस वर्ष कैलेंडर डिजिटल और भौतिक दोनों रूपों में उपलब्ध है जो सरकार के प्रयासों व कल्याणकारी उपायों के बारे में जानकारी देने के लिए एक प्रसार माध्यम होगा। उन्होंने कहा कि इस संदेश के वितरण का उद्देश्य देश में सभी पंचायतों को कैलेंडर वितरित करके जमीनी स्तर तक ले जाना है।